जबलपुर: ठोस अपशिष्ट पदार्थों के परिवहन में लगे वाहनों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य के लिए किसी भी पुराने वाहन का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। इसके अलावा कचरे का निष्पादन केवल निर्धारित डंपिंग साइटों पर ही किया जाए और कहीं भी कचरा डंप नहीं होना चाहिए।यह बातें कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कलेक्टर कार्यालय में समय-सीमा प्रकरणों के निराकरण को लेकर बैठक लेने के दौरान कहीं ।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के तहत लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली सुनिश्चित की जाये। फसलों में सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने किसानों को खाद वितरण में सुगमता सुनिश्चित करने और ई-उपार्जन प्रणाली के अंतर्गत किसानों की भूमि सत्यापन प्रक्रिया को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर सिंह ने बैठक में शासन की स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर सिंह ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचायें। बैठक में अपर कलेक्टर नीता राठौर, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित जिले के सभी एसडीएम और जिला अधिकारी उपस्थित थे। फील्ड स्तर के अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
