सुजानगढ़ में बनेगा सुक्षेम आरोग्य विहार बहुविशेषज्ञ अस्पताल

नयी दिल्ली 13 अप्रैल (वार्ता) केन्द्रीय विधि और न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मन्त्री अर्जुन राम मेघवाल मंगलवार को राजस्थान के सालासर हनुमान मन्दिर के निकट ऐतिहासिक सुजानगढ़ कस्बे में 250 करोड़ रुपए की लागत से तीन सौ पलंगों की क्षमता के सूक्षेम आरोग्य विहार बहु विशेषज्ञ अस्पताल का शिलान्यास करेंगें ।

सुक्षेम फाउंडेशन के न्यासी के सी मालू ने रविवार को यहां बताया कि समारोह में विशिष्ठ अतिथि के रुप में राजस्थान के उप मुख्यमन्त्री प्रेम चन्द बैरवा, चिकित्सा और स्वास्थ्य मन्त्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, नगरीय विकास और आवासन (यूडीएच)मन्त्री झाबर सिंह खर्रा, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मन्त्री अविनाश गहलोत और भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता राजेन्द्र राठौड़ भी मौजूद रहेंगें ।

इस अवसर पर अखिल भारतीय सांगलिया धुणी पीठाधिश्वर ओमदास जी महाराज भी उपस्थित रहेंगे।

श्री मालू ने बताया कि इस अस्पताल के लिए पिछले वर्ष जयपुर में आयोजित ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024’ में सुक्षेम फाउंडेशन और राजस्थान सरकार के बीच एक समझौता ज्ञापन पत्र पर हस्ताक्षर किए गए थे। सुक्षेम फाउंडेशन जन सहयोग से इस अस्पताल भवन का निर्माण कराएगा तथा इसका संचालन राज्य सरकार करेगी।

श्री मालू ने बताया कि इस अस्पताल के लिए सुक्षेम फाउंडेशन ने 57 बीघा भूमि अधिग्रहित की है । वर्ष 2027 तक यह अस्पताल भवन तैयार कर राज्य सरकार को सुपुर्द कर दिया जाएगा। इस अस्पताल के बनने से सुजानगढ़ और आसपास की 10 लाख आबादी लाभान्वित होगी। वर्तमान सरकारी अस्पताल 65 वर्ष पुराना है और 1960 में जब यह बना था तब, सुजानगढ़ की आबादी मात्र 30 हजार थी जोकि,अब बढ़ कर दो लाख हो गई है। जयपुर और बीकानेर के मध्य उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने से प्रति वर्ष सैकड़ों मरीज रास्ते में ही अपना दम तोड़ देते है।

उपाध्यक्ष बजरंग लाल बाहेती ने बताया कि इस अस्पताल परिसर के साथ एक ही छत के नीचे आयुष परिसर में आयुर्वेदिक एवं नेचरोपैथी,योग एवं ध्यान केन्द्र आदि सभी सुविधायें उपलब्ध होंगी तथा एक वृद्धाश्रम भी बनेगा।साथ ही संस्था परिसर में अध्यात्म साधना के लिए एक विशाल कृष्ण मन्दिर का निर्माण कराया जाएगा एवं यहाँ धन्वतरि की मूर्ति भी लगेगी। इसके अलावा अस्पताल के डॉक्टरों, पैरा मेडिकल स्टाफ,नर्सिंग और अन्य स्टाफ आदि के लिए तथा मरीजों के परिजनों के लिए आवास एवं आर्थिक दृष्टि से कमजोर लोगों के लिए निःशुल्क धर्मशाला तथा विजिटिंग डॉक्टर्स के लिए गेस्ट हाऊस आदि भी बनवाएँ जाएँगे ।

Next Post

शिवराज ने की कृषि क्षेत्र की साप्ताहिक समीक्षा

Sun Apr 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को समग्र कृषि क्षेत्र की प्रगति के संबंध में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। श्री चौहान के कार्यालय में आयोजित की गयी इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों से फसलों की कटाई, बुआई, उपार्जन आदि की […]

You May Like