हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने लिया आचार्य समय सागर महाराज से आशीर्वाद   

जैन समाज के सेवा कार्यों की सराहना की

 

जबलपुर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत विद्यासागर भवन पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य समय सागर महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश ने आचार्य समय सागर महाराज के सान्निध्य में एक घंटे से अधिक समय तक विविध विषयों पर संवाद किया। चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया में मानवीय पक्ष को सदैव महत्व दिया जाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने महिला शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे समाज की दिशा और दशा दोनों बदलती है।

मुख्य न्यायाधीश को जानकारी दी गई कि जैन समाज महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जबलपुर सहित विभिन्न शहरों में प्रतिभास्थली बालिका विद्यापीठ संचालित कर रहा है। साथ ही पूर्णायु में छात्राओं के लिए एक आयुर्वेद महाविद्यालय की भी स्थापना की गई है।

महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए आचार्य विद्यासागर महाराज के आशीर्वाद और समय सागर महाराज के निर्देशन में चलचरखा एवं हथकरघा प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। इन प्रकल्पों ने डिंडोरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आदिवासी समाज के पलायन को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध कराया है।

चर्चा के दौरान यह भी बताया गया कि विद्यासागर भवन परिसर में महिलाओं के लिए एकभव्य छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसका शुभारंभ शीघ्र किया जाएगा।

मुख्य न्यायाधीश ने चर्चा के दौरान बताया कि जेल अब सुधार ग्रह के रूप में बनने चाहिए ताकि जब सजा के बाद बंदी बाहर निकले तो अच्छा नागरिक बने, चलचरखा प्रकल्प की बहनों ने बताया की मध्य प्रदेश के कई जेल और तिहाड़ जेल में चल चरखा का प्रकल्प चल रहा है, उससे होने वाली समस्त आय उन बंदी भाइयों के खाते या परिवार में भेजी जाती है जिससे वह स्वावलंबी बन सके और सजा के बाद जब बाहर आए तो उनके हाथ में अपना रोजगार चलाने के लिए धनसंग्रह भी रहे , इस प्रकल्प की सराहना मुख्य न्यायाधीश ने की।

सेवा प्रकल्पों के बारे में ब्रह्मचारी विनय जैन बंडा भैया ने विस्तार से जानकारी दी। पर्यावरण संरक्षण, जीव रक्षा, महिला शिक्षा, हिंदी प्रचार-प्रसार और स्वावलंबन के क्षेत्र में जैन समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों को जानकर मुख्य न्यायाधीश ने प्रसन्नता जताई और समाज की सक्रियता की सराहना की।

मुख्य न्यायाधीश का स्वागत हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष

धन्य कुमार जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित जैन और विपुलवर्धन जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने किया।

Next Post

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला

Sun Apr 13 , 2025
नयी दिल्ली 13 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 29वें मुकाबले में टॉस जीतकर मुम्बई इंडियंस के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आज यहां दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने कहा […]

You May Like