
खण्डवा। दृष्टिबाधितार्थ शतरंज कल्याण समिति मध्य प्रदेश एवं निमाड़ अंचल नेत्रहीन संघ खंडवा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नेत्रहीन शतरंज प्रतियोगिता का उद्घाटन कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि आप जैसे लोग यह सिद्ध करते हैं कि आपको किसी दया की आवश्यकता नहीं है और आपका हुनर ही आपकी पहचान है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए दुनिया कठिन बना दी जाती है। दुनिया अपने आप में इतनी कठिन नहीं थी। अब समाज धीरे-धीरे और संवेदनशील हो रहा है। आज की यह शतरंज प्रतियोगिता मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि शतरंज जीवन में सबक सिखाती है कि अगर जीवन में जीत रहे हैं तो अभिमान ना करें और हार रहे हैं तो धैर्य रखें। शतरंज से हमें यह भी सीखना है कि जीत और हार जीवन में लगी रहती है। खेलना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी शतरंज जैसे अच्छे खेल का हिस्सा बनें।
