जबलपुर: विधायक डॉ अभिलाष पांडे ने बताया कि लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड करवाने में राइट टाउन, नेपियर टाउन के अलावा दयानंद सरस्वती वार्ड,भवानी प्रसाद वार्ड,सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड एवं राममनोहर लोहिया वार्ड के रहवासी वर्षों से मांग उठाते आ रहे हैं। लेकिन राजस्व विभाग के अधिकारी निगमायुक्त के निर्देश के बाद भी चेहरा देखकर लीज होल्ड भूमि फ्री होल्ड करने का कार्य कर रहे हैं। 250 से 300 प्रकरण लंबित चल रहे थे.
इस मामले में विधायक ने संबंधित अधिकारी से पत्राचार भी किया था और जल्दी से जल्दी लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड करने के निर्देश भी दिए लेकिन इसके बाद भी राजस्व विभाग द्वारा इसमें रुचि नहीं लिए जाने के कारण करीब 250 से 300 प्रकरण लंबित चल रहे थे और केवल चुनिंदा 25 से 30 प्रकरण का निबटारा किया गया जिससे कि ये एहसास हो गया कि अधिकारी इस मामले में रुचि के अनुसार कार्य को प्राथमिकता एवं बाकी प्रकरणों में उदासीनता दिखा रहे हैं.
इसलिए इस महत्वपूर्ण विषय पर विधानसभा में ध्यानाकर्षण के माध्यम से संबंधित मंत्रालय से जवाब मांगा, जिसमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के द्वारा तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारी पी एन संखेरे को हटाने के निर्देश जारी किए गए एवं इस पूरे प्रकरण की जांच के भी आदेश दिए गए। इससे लगभग 15 हजार परिवारों को सीधे तौर से लाभ मिलेगा एवं उनको लीज होल्ड भूमि को फ्री करवाने के लिए यहां वहां भटकना नहीं पड़ेगा।
