जबलपुर: जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए किसानों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। 12 अप्रैल से सोमवार 14 अप्रैल तक लगातार छुट्टियां होने पर भी खरीदी शुरू नहीं हो पाएगी। शासन द्वारा 15 मार्च से ही गेहूं समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू कर दी थी,लेकिन जिले में धान उपार्जन में घोटाला और समितियों द्वारा की गई अफरा- तफरी के कारण खरीदी का कार्य काफी देरी से चल रहा है। हाल ही में किसानों के पंजीयन पूर्ण हो चुके हैं, इसके अलावा स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
42 हजार किसानों ने कराया पंजीयन
जिले में लगभग 42000 किसानों द्वारा समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इसके अलावा अब स्लॉट बुकिंग की प्रकिया भी शुरू हो चुकी है।
मंडी में भी नहीं होगी खरीदी
इस सप्ताह लगातार तीन अवकाश पड़ जाने से कृषि उपज मंडी में भी गेहूं की खरीदी नहीं की जाएगी। विदित है कि कल 12 अप्रैल को दूसरा शनिवार है, उसके बाद 13 अप्रैल को रविवार और 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती का अवकाश आ गया है। इसके चलते मंडी प्रशासन स्वयं भी अवकाश मनाएगा और बैंक बंद रहने के कारण लेखा-जोखा संबंधित काम वैसे ही नहीं होगा। सिर्फ आज ही मण्डी में गेहूं लेकर पहुंचने वाले किसानों की डाक खोली जाएगी, जिसके लिए व्यापारी ओर मंडी प्रशासन तैयारी में लगा है।
