इंदौर: राऊ थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों के फरार होने के रूट मैप पर काम शुरू कर दिया है.राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि क्षेत्र के सिलिकॉन सिटी स्थित श्री ज्वेलर्स में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई.
अज्ञात बदमाश दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए. चोरी गए माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. दुकान संचालक देवेंद्र सोनी जब सुबह दुकान पहुंचे, तब ताले टूटे देख वारदात की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. मामले में एसीपी निधि सक्सेना का कहना है कि घटना के तुरंत बाद एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से फिंगरप्रिंट्स सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं.
दुकान और आसपास की कॉलोनियों तथा प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त किए हैं, जिनमें कुछ संदिग्ध नजर आए हैं. थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस अब चोरी के बाद आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए रास्तों का रूट मैप तैयार कर रही है, ताकि उनकी लोकेशन और मूवमेंट का पता लगाया जा सके. फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन पुलिस का दावा है कि संदिग्धों के हुलिए और संभावित वाहनों की पहचान के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
