पारा 40 डिग्री पार, लू की चपेट में शहर

 

शाम को बदला मिजाज, अधड़ चली, बूंदाबांदी हुई

 

नौनिहालों को राहत: तीस अप्रैल तक सुबह की पाली में लगेंगे स्कूल

 

जबलपुर। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम की रंगत बदली हुई है। पारा 40 डिग्री के पार है। दिनभर सूर्यदेव तमतमा रहे है। धरती तप रही है। गर्मी के आगे कूलर, पंखे भी बेअसर हो रहे है। शहर लू की चपेट में है। हालांकि गर्मी को देखते हुए नौनिहालों को राहत दी गई है। जिले के सभी स्कूल तीन अप्रैल तक सुबह की पाली में लगेंगे। शाम को मौसम का मिजाज बदला, अधड चलने के साथ बूंदाबांदी हुई। गुरूवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री धिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री पर पहुंंंच गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 49 और शाम को 32 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चार से पांच किमी की रफ्तार से चली।

मौसमी बीमारियों का प्रकोप, एडवाइजरी जारी

बदले मौसम के चलते मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। जिसको लेकर एडवाइजरी जारी कर दी गई। कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि लू (तापघात) के लक्षण दिखाई देते ही निकट के अस्पताल में संपर्क कर आवश्यक दवा का उपयोग सुनिश्चित करें। लू के प्रकोप से बचाव के उपाय करें। लू लगने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती है। वृद्ध, बच्चे, खिलाड़ी, धूप में काम करने वाले श्रमिक सर्वाधिक खतरे में रहते हैं। पसीना न आना, गर्म-लाल एवं शुष्क त्वचा, मतली, सिरदर्द, थकान, चक्कर आना, उल्टियां होना, बेहोश हो जाना एवं पुतलियां छोटी हो जाना लू के प्रमुख लक्षण एवं संकेत हैं।

ऐसे करे बचाव-

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल ने बताया कि गर्मी व लू से बचाव के लिए खूब पानी पीये व खाली पेट न रहें, शराब व चाय-कॉफी के अधिक सेवन से बचें, ठण्डे पानी से नहाएं, सर ढके व हल्के रंग के ढीले व पूरी बांह के कपड़े पहने, बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़े, दोपहर में 12 से 04 के मध्य बाहर जाने से बचें, धूप में नंगे पाँव न चलें, बहुत अधिक परिश्रम वाले कार्य न करें। बाहर निकलना आवश्यक हो तो छतरी व धूप के चश्मे का उपयोग करें, धूप में निकलने से पहले कम से कम दो गिलास पानी अवश्य पीये, बुखार व लू लगने पर निकट के अस्पताल में संपर्क कर आवश्यक दवा का उपयोग सुनिश्चित करें। ओ.आर.एस. का घोल, नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी, फलों का रस इत्यादि का सेवन लाभदायक होता है। इनका सभी उपायों का उपयोग कर गर्मी के प्रभाव से बचा जा सकता हैं।

अब सुबह 7 बजे से दोपहर एक बजे तक लगेगी कक्षाएं-

कलेक्टर दीपक सक्सेना ने तापमान में लगातार हो रही वृद्धि और इसका विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पडऩे की संभावना को देखते हुये एक आदेश जारी कर जिले में स्थित सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तापमान में वृद्वि के मद्देनजर जिले में स्थित सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और नवोदय विद्यालय अब सुबह 7 बजे से दोपहर एक बजे तक लगेंगे। परीक्षाएं एवं मूल्यांकन कार्य निर्धारित समय अनुसार ही होंगे।

Next Post

पीएम का दौरा : पुलिस ने कारकेड निकालकर की रिहर्सल

Thu Apr 10 , 2025
ग्वालियर। प्रधानमंत्री की ट्रांजिट विजिट को लेकर जिला प्रशासन तैयार है। तीन किलोमीटर का क्षेत्र नो फ्लाई जोन रहेगा। सुरक्षा के लिए तय गाइड लाइन के मुताबिक और दूरी के हिसाब से तीन अस्पतालों में आपातकालीन व्यवस्था की गई है। एयरफोर्स स्टेशन पर पीएमओ, सेफ हाउस व ग्रीन रूम भी […]

You May Like

मनोरंजन