
टीकमगढ़। खाद्य निरीक्षक पंकज कारौरिया को आखिरकार लोकायुक्त की पुलिस ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए उनके दो अन्य साथियों के साथ ट्रेप किया है। लोकायुक्त सागर की पुलिस ने बुधवार को सुबह 07 बजे टीकमगढ़ में दस्तक दी और पूरी रणनीति बनाकर दोपहर 2 बजे के लगभग खाद्य निरीक्षक के ठिकाने पर दबिश देकर कार्यवाही को अंजाम दे डाला। खाद्य निरीक्षक पंकज कारौरिया ने पिपरा मड़ौरी राशन दुकान संचालक विजय सिंह ठाकुर से स्टॉक लिमिट को 0 दर्शाने के एवज में 20 हजार रुपए की मांग की थी। इसी मामले की शिकायत विजय सिंह ने लोकायुक्त सागर पुलिस के पास दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विजय सिंह को एक रिकॉर्डर दिया और पंकज कारौरिया द्वारा रिश्वत मांगने की ऑडियो रिकॉर्ड कराई। इसके बाद यह साफ हुआ कि पंकज कारौरिया द्वारा विजय सिंह से रिश्वत मांगी जा रही है। इसी आधार पर आज सुबह लोकायुक्त सागर की पुलिस अपनी टीम के साथ टीकमगढ़ पहुंची जहां उन्होंने दोपहर तक रैकी करने के बाद 2 बजे के लगभग पंकज एवं उसके ऑपरेटर, ड्राईवर को भ्रष्टाचार करने के मामले में दबोच लिया। जानकारी के मुताबिक खाद्य निरीक्षक पंकज करौरिया सुभाषपुरम में एक किराए के मकान में रहता था। पुलिस ने निरीक्षक के साथ उसके ऑपरेटर धर्मेन्द्र एवं ड्राईवर हनी साहू पर भी कार्यवाही की है।
