नलों में पानी नहीं, लिफ्ट खराब, परिसर में रहती है गंदगी

इंदौर: मजदूर वर्ग के जीवनस्तर सुधार के लिए नगर निगम द्वारा निर्माण की गई मल्टियों में अनियमितताओं के कारण आक्रोशित मल्टियों के सैकड़ों रहवासियों ने नगर निगम कमिश्नर कार्यालय के सामने धरना दिया. लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला क्योंकि न तो उन्हें निगम कमिश्नर मिले और न ही महापौर.उल्लेखनीय है कि बंगाली कॉलोनी के आगे भूरी टेकरी पर सैकड़ों परिवार झुग्गी झोपड़ी में निवास कर अपना जीवन यापन किया करते थे.

इसी के पास शासकीय भूमि पर नगर निगम ने मल्टी बनाने का प्रोजेक्ट तैयार किया और इन्हीं मजदूर वर्ग को मल्टियों में बने फ्लैट में शिफ्ट करने का निर्णय लिया. शुरुआती दौर में मजदूर वर्ग की तरफ से विरोध हुआ लेकिन अधिकारियों द्वारा बड़े-बड़े सपने दिखाते हुए सभी सुविधा देने का वादा भी किया. भूरी टेकरी आरावली परिसर के नाम से आठ मंजिला की 13 मल्टीयां निर्माण की गई. एक मल्टी में कुल 64 फ्लैट हैं. कुल 832 परिवार को बसाया गया.

इनमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भी हैं. शुरुआती दौर में मल्टी में लिफ्ट, पानी, बिजली, साफ-सफाई चकाचौंध दिखाई दिए. हालांकि मेंटेनेंस के नाम पर निगम 600 रुपए प्रति महीना सभी से लेती आ रही है. इसके बावजूद पिछले कुछ महीनों से यह सुविधा नदारत हो गई. आठ मंजिला इमारत की लिफ्ट खराब स्थिति में है. अब नलों में पानी नहीं आता. परिसर में गंदगी जगह-जगह पसरी पड़ी रहती है. रहवासियों द्वारा कई बार ज्ञापन देने के बावजूद सुधार की स्थिति नहीं बन रही. इसके चलते अब धरना प्रदर्शन किया जाने लगा है.
इनका कहना है…
धोखा हुआ है, निगम द्वारा किए वादे एक भी पूरे नहीं हुए. दीवारों से पानी बह रहा है. निगम ने पांच वर्ष के लिए मेंटेनेंस का बोला था लेकिन दो साल बाद ही पल्ला झाड़ लिया.
– सरिता बोरासी
इन्हें पता था कि ये खुद बाद में पल्ला झाड़ लेंगे तो गरीब के लिए क्यों आठ मंजिला बनाई? संतोषी गुप्ता मैडम को सारी समस्या बताई. निराकरण करने के बजाय उन्होंने भी अनसुनी कर दी.
– संगीता गवाले
दिखावे भर की मल्टी है. कोई रखरखाव नहीं है. घटिया मटेरियल से निर्माण हुआ है. अभी से पूरी मल्टी जर्जर होने लगी है. कभी भी ध्वस्त हो सकती है. जिससे बड़ी अनहोनी हो सकती है.
– गीता वर्मा
ब्याज पर पैसा उठाकर फ्लैट लिया है. आठ मंजिला मल्टी में लिफ्ट खराब है. अब ऐसे में ऊपर से आना-जाना कैसे करें? बीमार इंसान तो मर ही जाए. बच्चे भारी स्कूल बैग लेकर कैसे उतरें-चढ़े.
– रम्मो बाई

Next Post

जनसुनवाई में उठे सीमांकन, सुरक्षा व जनहित से जुड़े मुद्दे

Wed Sep 10 , 2025
सोहागपुर: जनपद पंचायत सभागार में मंगलवार को एसडीएम प्रियंका भलावी की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में कुल 11 आवेदन प्राप्त हुए। शास्त्री वार्ड निवासी तरुण पठारिया ने रात में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर पर पत्थर फेंकने की शिकायत कर मोहल्ले में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। ग्राम बोदी के […]

You May Like