वाशिंगटन (वार्ता) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का यहां अपने कार्यालय में स्वागत किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस ने दोनों नेताओं की इस भेंट की जानकारी सोशल मीडिया पर दी।
श्री नेतन्याहू की राष्ट्रपति श्री ट्रम्प के साथ वाशिंगटन में यह लगभग दो महीने में दूसरी मुलाकात है।
श्री ट्रम्प ने दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद सबसे पहले जिस विदेशी नेता को बातचीत के लिए आमंत्रित किया था वह इजरायल के प्रधानमंत्री श्री नेतन्याहू थे। उसके 62 दिन बाद श्री नेतन्याहू दोबारा व्हाइट हाउस में श्री ट्रम्प से मिले हैं।
दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जबकि इजरायल ने गाज़ा में संक्षिप्त संघर्ष विराम के बाद हथियारबंद संगठन हमास के खिलाफ सैन्य अभियान फिर शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री श्री नेतन्याहू ने आज ही वाशिंगटन में ब्लेयर हाउस में पश्चिमी एशिया के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिका के वाणिज्य विभाग के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की।
