बारां, (वार्ता) राजस्थान में बारां की कृषि उपजमंडी में माल का उठाव नहीं होने और तीन लाख कट्टे से अधिक गेहूं की आवक होने से व्यवस्था बनाए रखने के लिये प्रशासन ने आठ अप्रैल तक मंडी बंद रखने का एलान किया है।
मंडी सूत्रों ने रविवार को बताया कि गेंहूं की बंपर आवक के चलते मंडी में गेंहू रखने के लिये जगह ही नहीं है। मंडी में कुल करीब छह लाख कट्टे से अधिक गेंहूं है। जिसके चलते आज सुबह से फिर माल का उठाव शुरु किया गया है। वहीं मंडी दो दिन रखने का निर्णय लिया है।
मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि शनिवार दोपहर एक बजे से वाहनों प्रवेश शुरू किया गया था। इस दौरान शाम तक करीब तीन चार लाख कट्टे से अधिक गेहूं की बंपर आवक हुई। वहीं, पहले से करीब डेढ़ लाख माल पड़ा हुआ था। इसके चलते मंडी पूरी तरह से भर गई। जगह- जगह कृषि जिंसों के ढेर लग गए। ऐसी स्थिति को देखते हुए माल उठाव के लिए मंडी प्रशासन की ओर से सोमवार और मंगलवार को मंडी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
