
दमोह। मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, दमोह को विगत कुछ समय से विभिन्न माध्यमों से लगातार शिकायतें व सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं कि शहर के पठानी मोहल्ला, नूरी नगर व गढ़ी मोहल्ला सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा अनाधिकृत रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों में यह भी बताया गया था कि कुछ लोगों द्वारा विद्युत कनेक्शन एवं मीटरों से छेड़छाड़ कर तथा अवैध रूप से हीटर व अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग कर विद्युत चोरी की जा रही है, जिससे कंपनी को राजस्व की हानि हो रही है व क्षेत्र के नियमित विद्युत उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज, ओवरलोडिंग तथा बार-बार विद्युत व्यवधान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. दमोह के अधीक्षण अभियंता के निर्देशन में दमोह (शहर) वितरण केन्द्र द्वारा एक विशेष सघन जांच व छापामार अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत अधिकारियों व कर्मचारियों की टीमों का गठन कर चिन्हित क्षेत्रों में अचानक दबिश दी गई तथा विद्युत कनेक्शनों, मीटरों व विद्युत उपयोग की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया गया व पंचनामा तैयार किए गये।
कार्यवाही के दौरान कई स्थानों पर विद्युत उपयोग में अनियमितताएं पाई गईं। जांच के समय यह पाया गया कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा घरेलू विद्युत कनेक्शनों का उपयोग अनधिकृत रूप से अधिक भार वाले हीटरों एवं अन्य विद्युत उपकरणों के संचालन के लिए किया जा रहा था। निरीक्षण दल द्वारा मौके से कुल 25 हीटर जब्त किए गए। साथ ही संदिग्ध एवं अनियमित मामलों का विवरण संकलित कर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई है।
अचानक हुई इस छापामार कार्यवाही से संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। निरीक्षण दल के पहुंचते ही कई लोगों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के दरवाजे बंद कर दिए, जबकि कुछ लोग अपने घरों में ताला लगाकर मौके से चले गए। विभागीय टीम द्वारा ऐसे परिसरों की भी जानकारी संकलित की गई है, जहां निरीक्षण के समय प्रवेश संभव नहीं हो सका। ऐसे परिसरों की पुनः जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता- अमित चौहान दमोह ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत चोरी एवं अनियमित विद्युत उपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत माह जुलाई एवं अगस्त 2026 में अब तक लगभग 250 पंचनामे तैयार किए जा चुके हैं। जांच के दौरान पाए गए मामलों में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं सघन जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिससे विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके तथा राजस्व हानि को रोका जा सके।
अधीक्षण अभियंता-दमोह ने बताया कि विद्युत चोरी के कारण विद्युत वितरण प्रणाली पर अनावश्यक भार बढ़ता है, जिससे ट्रांसफार्मरों के क्षतिग्रस्त होने, लाइन ट्रिपिंग की घटनाओं में वृद्धि होने तथा आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में कठिनाई उत्पन्न होती है। इसके अतिरिक्त विद्युत चोरी से कंपनी को होने वाली राजस्व हानि का प्रभाव विद्युत व्यवस्था के रखरखाव, सुधार एवं विस्तार कार्यों पर भी पड़ता है। इसलिए विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अधीक्षण अभियंता दमोह वृत्त अमित चौहान के मार्गदर्शन में संचालित इस विशेष छापामार अभियान में राघवेंद्र ईडपाचे, सहायक अभियंता (शहर) मोहम्मद फरीद अंसारी, कनिष्ठ अभियंता (संविदा) कु. शिवानी गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता सहित दमोह (शहर) वितरण केन्द्र के लाइन कर्मचारियों एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा चिन्हित क्षेत्रों में सघन जांच करते हुए विद्युत चोरी एवं अनियमितताओं का पता लगाया गया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। अधीक्षण अभियंता-दमोह ने बताया कि विद्युत चोरी के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
अधीक्षण अभियंता, दमोह वृत्त अमित चौहान ने समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध एवं नियमित विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही विद्युत का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत चोरी, मीटर से छेड़छाड़ अथवा अनधिकृत विद्युत उपयोग से बचें। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी एक दंडनीय अपराध है तथा इसके विरुद्ध विद्युत अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्यवाही का प्रावधान है। अतः सभी उपभोक्ता नियमों का पालन करते हुए विद्युत का उपयोग करें एवं किसी भी प्रकार की अप्रिय वैधानिक कार्यवाही से बचें।
