
सीहोर। अतिक्रमण के चलते सिकुड़ते जा रहे शहर की सड़कों से अब अतिक्रमण हटाने के लिए नपा मुहिम चलाने जा रही है. गुरुवार को नपा के कर्मचारियों ने शहर में मुनादी करते हुए लोगों को स्वेच्छा से सड़कों तक रखा अपना सामान हटाने को कहा है, अन्यथा सोमवार से नपा का अमला सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाने सड़कों पर उतर आएगा.
कई सालों से शिथिल पड़ी अतिक्रमण विरोधी मुहिम के चलते शहर काफी सिकुड़ सा गया है. लोगों ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर अस्थायी व पक्के निर्माण कर लिए हैं. इसी तरह दुकानदारों द्वारा भी नालियों को लांघते हुए सड़क तक अपने सामान रखे जा रहे हैं जिसके कारण यातायात बाधित होता है और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. सबसे ज्यादा दिक्कत मेन रोड पर होती है जहां सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा सामान जमा लिया जाता है. इसके अलावा बेतरतीब वाहनों की पार्किंग और हाथठेले व आवारा मवेशियों का जमावड़ा मेन रोड की सूरत और बिगाड़ देता है. नतीजतन दिन में दर्जनों बार शहर की इन सड़कों पर जाम के हालात निर्मित होते हैं.
अतिक्रमण की सर्वाधिक दिक्कत कोतवाली चौराहा से तहसील चौराहा, गांधी रोड, नमक चौराहा, गाड़ी अड्डा, सब्जी मंडी में लोगों को होती है. रात में काफी चौड़ी नजर आने वाली सड़कें दिन का उजाला होने के साथ ही सिकुडऩे लगती हैं. दुकानों का सामान सड़कों पर आ जाता है, जिससे दिन में कई बार जाम लगता रहता है.
इधर दो माह पूर्व नोटिस देकर भूली नपा
शहर के भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक बनने वाले फोरलेन मार्ग की राह में बाधक बन रहे मकानों पर नपा ने लाल निशान लगाए हैं और दर्जनों मकान व दुकान मालिकों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने को कहा है. इसी तरह इंदौर नाका से तहसील चौराहा, दूल्हा बादशाह होते हुए मंडी जाने वाले रास्ते को भी फोरलेन बनाने के लिए कई मकान तोड़े जाना है, लेकिन नपा नोटिस देने के बाद भूल गई है.
शीघ्र प्रारंभ होंगे निर्माण कार्य
शहर के मेन रोड सहित अन्य मार्गों पर अतिक्रमण के कारण लोगों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए सोमवार से व्यापक स्तर पर अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई जाएगी. हमने मुनादी कर दी है. अगर इसके बाद भी लोग अपना अतिक्रमण नहीं हटाएंगे तो सख्ती के साथ उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी. इसी तरह भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक का फोरलेन निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा.
भूपेन्द्र दीक्षित,
सीएमओ, नपा सीहोर
