
बेंगलुरु 02 अप्रैल (वार्ता) शीर्ष क्रम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लियम लिविंगस्टन (54),जितेश शर्मा (33) और टिम डेविड (32) की दमदार पारियों की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आठ विकेट पर 169 रनो का स्कोर खड़ा किया।
कोहली को देखने आये प्रशंसकों को आज निराशा हाथ लगी। चौका लगा कर खाता खोलने वाले कोहली अरशद खान की लेग स्टंप पर गिरी बैक ऑफ गुड लेंथ गेंद को पुल करने के प्रयास में डीप स्क्वायर लेग के पास प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों लपके गये। उनके आउट होते ही दर्शक दीर्घा पर सन्नाटा छा गया।
फिल साल्ट (14),विराट कोहली (7),देवदत्त पडिक्कल (4) और कप्तान रजत पाटीदार (12) के तौर पर बेंगलुरु का शीर्ष क्रम सातवें ओवर तक 42 रन जोड़ कर पवेलियन लौट चुका था। ऐसे मुश्किल समय में लिविंग्स्टन और शर्मा ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुये स्कोरबोर्ड को बढ़ाया। ढीली गेंदों पर प्रहार और सिंग्ल्स डबल्स के जरिये दोनो बल्लेबाज अर्धशतकीय भागीदारी पूरी कर चुके थे। इस बीच साई किशोर की गेंद को समझने से चूके और लांग आन पर तेवतिया ने उनका कैच लपक लिया।
नये बल्लेबाज कृणाल पंड्या किशोर का एक और शिकार बने जब उन्होने कैरम बॉल पर रिटर्न कैच थमा दिया। इस बीच लिविंग्स्टन ने अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी के पांच ओवरों में लिविंग्स्टन और टिम डेविड ने गियर बदलते हुये रनो की बौछार कर दी। दोनो ने मैदान के हर कोने में चौके छक्के लगाये। लिविंग्स्टन 19वें ओवर में मो सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गये वहीं डेविड पारी के आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हुये। आखिरी ओवर में डेविड ने 19 रन जोड़ कर अपनी टीम के लिये एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में अहम योगदान दिया।
गुजरात के लिये मो सिराज ने मात्र 19 रन देकर तीन अहम विकेट चटकाये जबकि साई किशोर को दो विकेट मिले। अन्य तीन विकेट प्रसिद्ध कृष्णा,अरशद खान और इशांत शर्मा ने बराबर बराबर बांट लिये।
