नयी दिल्ली, 31 मार्च (वार्ता) मीडिया और मनोरंजन (एम एंड ई) उद्योग के लिए प्रमुख वैश्विक ई-मार्केटप्लेस, वेव्स बाज़ार भारत को इस उद्योग के लिए कार्यक्रमों के कंटेंट ( सामग्री ) के एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की महत्वाकांक्षा के साथ मुंबई में 1 से 4 मई तक इस उद्योग पर अपने तरह का पहला सम्मेलन एवं शो करने जा रहा है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होने वाले “वेव्स बाजार” के उद्घाटन संस्करण में मीडिया और मनोरंजन सामग्री के क्षेत्र में भारत के योगादन की शक्ति एवं संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की योजना है।
मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार वेव्स 2025 के एक प्रमुख घटक के रूप में, यह बाज़ार फ़िल्म, टीवी और एवीजीसी (एनीमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग और कॉमिक्स) क्षेत्रों के उद्योग के अग्रणियों को एक साथ लाएगा। यह सहयोग, सामग्री प्रदर्शन और व्यवसाय विस्तार के लिए अद्वितीय अवसर प्रदान करेगा।
इस दौरान वेव्स बाज़ार में व्यूइंग रूम, मार्केट स्क्रीनिंग, क्रेता और विक्रेता मीटिंग्स और गतिशील पिचरूम सहित कई विशेष खंड होंगे जो सार्थक जुडा़व की सुविधा प्रदान करेंगे और सीमा पार साझेदारी को बढ़ावा देंगे।
इस दौरान समग्री के देखने और विपणन के लिए दिखाने की सुविधाएं होंगी तथा फ़िल्मों, सीरीज़ और एवीजीसी प्रोजेक्ट्स की चयनित स्क्रीनिंग की जाएगी जिससे खरीदारों, बिक्री एजेंटों और वितरकों को नई और आकर्षक सामग्री तक विशेष पहुंच मिलेगी।
व्यूइंग रूम उद्योग के पेशेवरों को नए शीर्षकों की खोज करने और उन्हें हासिल करने के लिए एक समर्पित स्थान प्रदान करेगा, जबकि मार्केट स्क्रीनिंग वैश्विक दर्शकों के लिए चुनिंदा प्रोजेक्ट पेश करेगी जिससे कन्टेंट वितरण, लाइसेंसिंग और सिंडिकेशन सौदों के अवसर पैदा होंगे।
इस दौरान , सामग्री सृजन में वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्येश्य से क्रेता एवं विक्रेता बैठ और नए विचारों का निवेशकों से परिचय ‘पिचरूम’ की सुविधाएं की जाएंगी।
पैनोरमा स्टूडियोज के मुख्य व्यवसाय अधिकारी मुरलीधर छतवानी और फिल्म एक्विजीशन्स एंड सिंडिकेशन प्रमुख रजत गोस्वामी ने कहा, “हम वेव्स बाज़ार के कई क्षेत्रों में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं।यह बाज़ार हमारी परियोजनाओं को प्रदर्शित करने, सार्थक सहयोग हासिल करने और मनोरंजन उद्योग में हमारी वैश्विक पहुंच का विस्तार करने के लिए एक अविश्वसनीय मंच प्रदान करता है।”
