बंगलादेश को होने वाले निर्यात में गिरावट, आयात स्थिर

अगरतला, 31 मार्च (वार्ता) बंगलादेश में पिछले साल अगस्त में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से त्रिपुरा से इस देश को होने वाला निर्यात काफी घट गया है वहीं आयात की मात्रा लगभग स्थिर बनी हुई है।

त्रिपुरा की उद्योग और वाणिज्य मंत्री संतना चकमा ने सोमवार को को बताया कि चालू वित्त वर्ष (फरवरी तक) में त्रिपुरा ने बंगलादेश से 625.14 करोड़ रुपये का सामान आयात किया, जबकि 2023-24 में यह आंकड़ा 703.67 करोड़ रुपये और 2022-23 में 636.72 करोड़ रुपये था। वहीं, वित्त वर्ष 2024-25 के फरवरी तक त्रिपुरा से बंगलादेश को केवल 50.07 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया वहीं 2022-23 में यह 121.37 करोड़ रुपये और 2023-24 में सिर्फ 12.31 करोड़ रुपये था।

त्रिपुरा में भारत-बंगलादेश सीमा पर स्थित नौ में से आठ भूमि सीमा शुल्क स्टेशनों (एलसीएस) में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, फिर भी औपचारिक व्यापार अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। दो देशों के बीच अनौपचारिक व्यापार को रोकने के उद्देश्य से भारत ने एक दशक पहले दक्षिण त्रिपुरा और सिपाहीजला जिले में दो सीमा हाट स्थापित किए थे, जिनमें से एक अभी भी 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण बंद है।

दक्षिण त्रिपुरा जिले में श्रीनगर सीमा हाट को पिछले साल नवंबर में दोबारा खोला गया था, जिसे बंगलादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद बंद कर दिया गया था। लेकिन, व्यापार और बाजार की लोकप्रियता उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। सीमा के दोनों ओर के पंजीकृत व्यापारियों में से आधे लोग साप्ताहिक बाजार के दिन अनुपस्थित रहे। कमजोर प्रतिक्रिया की आशंका के चलते, दोनों देशों के प्रशासन ने अब तक सिपाहीजला जिले के कस्बा सीमा हाट को फिर से खोलने का निर्णय नहीं लिया है।

सूत्रों के अनुसार, त्रिपुरा से निर्यात में गिरावट के बावजूद सीमा के पास रहने वाले ग्रामीणों की मदद से चीनी, दवाइयां, सौंदर्य प्रसाधन और विभिन्न खाद्य पदार्थ बड़ी मात्रा में रोजाना बंगलादेश भेजे जा रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक बंगलादेश त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों को मछली, सीमेंट, खाद्य पदार्थ, निर्माण सामग्री, स्टील शीट, पीवीसी पाइप, सॉफ्ट ड्रिंक, रेडीमेड गारमेंट, मेलामाइन और कपास अपशिष्ट का निर्यात करता है। वहीं, भारतीय राज्य टूटे हुए पत्थर, मक्का, अगरबत्ती, अदरक, सूखी मिर्च, सब्जी के बीज, मसाले और बेल जैसी वस्तुएं बंगलादेश को निर्यात करते हैं।

Next Post

ईद-उल-फित्र पर शेयर और मुद्रा बाजार बंद

Mon Mar 31 , 2025
मुंबई 31 मार्च (वार्ता) ईद-उल-फित्र त्योहार के अवसर पर आज शेयर बाजार और अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में अवकाश रहा, जिसके कारण कोई कामकाज नहीं हो सका। देश के प्रमुख शेयर बाजारों बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के साथ ही अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार भी बंद रहा है। कारोबारियों का कहना […]

You May Like