शक्ति की आराधना शुरू, देवी मंदिरों पर लगे मेले

ग्वालियर: नवदुर्गा महोत्सव आज रविवार से शुरू हो गया। मंदिरों के पास दुकानें सजाई गई हैं। आज रविवार से घर-घर में घट स्थापना के साथ शक्ति की आराधना की जा रही है। आठ दिनों तक चलने वाले आराधना के इस पर्व में नवमी तक घरों और मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ और प्रतिदिन हवन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कई भक्त वैष्णोदेवी गए हैं तो कई अंचल और शहर में स्थित माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। इस समय वैष्णोदेवी की ओर जाने वाली ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है।

वहीं कई भक्त माता की आराधना अंचल में स्थित मंदिरों पर माता के दर्शन कर रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ दतिया स्थित मां पीतांबरा माई, रतनगढ़ वाली माता, सातऊं गांव स्थित शीतला माता मंदिर में हो रही है। वहीं शहर में स्थित मांढरे की माता, नहर वाली माता, भेलसे वाली माता, करौली माता, वैष्णोदेवी माता मंदिरों पर भक्तों की भीड़ है। नवमी पर भक्त माता की विदाई करेंगे। नवदुर्गा को लेकर मंदिरों पर मेले लगाए गए हैं। वहीं सप्तमी से मंदिरों और घरों में भंडारे भी शुरू हो जाएंगे।

करौली माता मंदिर महलगांव में मंदिर के पट सुबह 4 बजे खोले गए। 5 बजे कैला महारानी का गंगाजल से अभिषेक किया गया। उसके उपरांत 16 श्रृंगार किए गए। उसके बाद आरती की गई, तत्पश्चात मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुल गया। शाम 6 बजे हवन यज्ञ होगा।नवदुर्गा महोत्सव के दौरान कई मंदिरों में अखंड जोत जलाई गई है। साथ ही दुर्गा सप्तशती के निरंतर पाठ हो रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त शीतला माता मंदिर पर माता की आराधना के लिए पैदल ही जा रहे हैं।

Next Post

अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने का लालच दे लगाई चपत

Sun Mar 30 , 2025
पति की मौत के बाद पत्नी से हड़पे 1 लाख 55 हजार, एफआईआर जबलपुर: फैक्ट्री में पदस्थ पति की मौत के बाद पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति दिलाने के नाम पर जालसाज ने एक लाख 55 हजार रूपए हड़प लिए। जब पीडि़ता को ठगी का एहसास हुआ तो उसने रांझी थाने […]

You May Like