छत पर सो रहे परिवार के घर से 2 लाख रुपए और चांदी के जेवर ले उड़े चोर

नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम बालागंज में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे नकाबपोश चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। बालागंज की रहने वाली दाखी बाई शुक्रवार को मजदूरी और ठेकेदारी के 2 लाख रुपए लेकर घर आई थीं। उन्होंने पैसों को घर में रखे एक ड्रम में रख दिया था। रात में जब दाखी बाई और उनका बेटा अनिल छत पर सो रहे थे, चोरों ने घर का ताला तोडक़र वारदात को अंजाम दिया। चोर नकदी के साथ-साथ चांदी के जेवरात भी ले गए।

सुबह जब परिवार को चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत मनासा थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी शिवकुमार रघुवंशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना का पूरा सीसीटीवी फुटेज शनिवार दोपहर को सामने आया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चोर गांव की पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

Next Post

प्राचीन महाकालिका माता मंदिर पर प्रतिदिन होगी कांकड आरती

Sat Mar 29 , 2025
झाबुआ। रविवार से चैत्र नवरात्र शुरू हो रही है। इसके लिए शहर में माता के दरबार सजाए गए हैं। इसके साथ ही माता के पूजन के लिए मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। इस दिन मंदिरों एवं घरों में शुभ मुहूर्त में घट स्थापना कर आठ दिनों तक […]

You May Like