जगदलपुर, 29 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ में शनिवार का दिन पुलिस व सुरक्षा बलों के नाम रहा। सुरक्षा बलों के जवानों ने अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ में 11 महिलाओं समेत 18 नक्सलियों को ढेर कर दिया जबकि 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
एक ओर सुकमा जिले केरलापाल के गोरगुंडा पहाड़ियों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 17 नक्सली मारे गये जबकि केन्द्रीय सुरक्षा बल का एक जवान समेत चार जवान घायल हो गये।
दंतेवाड़ा जिले में आज 15 माओवादियों ने पुलिस समक्ष आत्मसमर्पण किया। वहीं बीजापुर में नक्सली-पुलिस मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया।
पुलिस के अनुसार दंतेवाड़ा जिले में आज लोनवर्राटू अभियान के तहत 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। समर्पित माओवादियों को 25 हजार रुपए की सहायत राशि और पुर्नवास की अन्य सुविधा प्रदान की जायेगी।
गौरतलब है कि दंतेवड़ा जिले में अबतक 987 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसर्पण किया है।
इधर बीजापुर जिले में बासागुड़ा थाना क्षेत्र के टेकमेटा नरसापुर के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के मुठभेड़ एक नक्सली मारा गया। घटनास्थल से एक हथियार व विस्फोटक पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार जिला रिजर्व पुलिस बल, कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर नरसापुर टेकामेटा की ओर आज सबेरे निकले थे, जहां मुठभेड़ के दौरान एक नक्सली मारा गया।
इस बीच बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी ने बताया कि सुकमा मुठभेड़ में मारे गए सात नक्सलिायों की अब तक पहचान हुई जिसमें एक 25 लाख का ईनामी माओवादी दरभा डिवीजन सचिव जगदीश उर्फ बुदरा भी शामिल है।
श्री सुंदरराज ने बताया कि मारे गए अन्य नक्सलियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में बस्तर संभाग के अंतर्गत सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों विरोधी अभियान संचालित के परिणाम स्वरूप 87 दिनों में 117 हार्डकोर नक्सली मारे गए।