नीतीश का इस्तीफा, राज्यपाल के समक्ष नई राजग सरकार बनाने का दावा पेश किया

पटना, (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबधन (राजग) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अपने पद से इस्तीफा देते हुए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश किया है।

राजग विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आज मुख्यमंत्री श्री कुमार सीधे राजभवन गए और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। श्री कुमार ने राज्यपाल श्री खान को अपना इस्तीफा सौंपा और नई राजग सरकार बनाने का दावा भी पेश किया। श्री कुमार ने अपने दावे के साथ सभी राजग विधायकों की एक सूची तथा घटक दलों से उनके पक्ष में जारी समर्थन पत्र भी राज्यपाल श्री खान को सौंपा।

इससे पहले आज दिन में मुख्यमंत्री श्री कुमार को सर्वसम्मति से राजग विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में नवनिर्वाचित विधायकों के अलावा राजग के सभी शीर्ष नेता उपस्थित थे। बैठक में शामिल होने वालों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतनराम मांझी भी उपस्थित थे।

श्री पासवान इस अवसर पर कहा कि हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनावों में राजग की ऐतिहासिक जीत में महिलाओं से मिले समर्थन की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने राजग को एक बार फिर सेवा करने का अवसर देने के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया।

श्री मांझी ने कहा कि यह जानकर बहुत खुशी हुई कि लगभग बीस वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद मुख्यमंत्री श्री कुमार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं थी। उन्होंने कहा कि राजनीति में यह एक दुर्लभ उदाहरण है कि इतने लंबे समय तक सत्ता में रहे किसी नेता के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं थी।

राज्यपाल से आमंत्रण मिलने के बाद मुख्यमंत्री श्री कुमार 20 नवंबर को ऐतिहासिक गांधी मैदान में नवगठित राजग सरकार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी मौजूद रहने की संभावना है।

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में राजग ने 202 सीटें जीती हैं और घटक दलों में भाजपा ने 89 ,जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 85, लोजपा(आर) ने 19, हम ने 05 और रालोमो ने 04 सीटें जीती हैं। दूसरी ओर, राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन को केवल 35 सीटें ही मिल पाईं।

Next Post

गरिमा और गौरव के साथ भव्य स्वागत हो यूथ यात्रा का: सीएम डॉ. यादव

Wed Nov 19 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश को एक सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देश भर में चार यूथ (एकता) यात्राएं निकाली जा रही हैं। इनमें से नागपुर से निकलने वाली यूथ यात्रा मध्यप्रदेश से होकर […]

You May Like

मनोरंजन