विजेंद्र गुप्ता ने 2025-26 के लिए 14 विधायकों को एमसीडी में नामित किया

नयी दिल्ली, 22 मार्च (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के लिए 14 विधायकों को नामित किया है। ये विधायक एमसीडी में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र प्रतिनिधित्व करेंगे।

विधानसभा कार्यालय की ओर से शनिवार को इन विधायकों का नाम जारी करते हुए बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए इन विधायकों को एमसीडी में नामित किया गया है। यह नामांकन नगर निगम अधिनियम, 1957 की धारा 3(3)(बी)(ii) के तहत किया गया है।

श्री गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि नामित विधायकों की भूमिका एमसीडी को बजट निर्माण, नागरिक प्रशासन और शहरी शासन में सहयोग देने की होगी। ये विधायक स्वच्छता, बुनियादी ढांचे के विकास और अन्य नगर निगम से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में अहम भूमिका निभाएंगे, जिससे दिल्लीवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा सके।

नामित विधायकों की सूची में सर्वश्री अनिल कुमार शर्मा (आर.के. पुरम), चंदन कुमार चौधरी (संगम विहार), जितेंद्र महाजन (रोहतास नगर), करनैल सिंह बस्ती (शकूर बस्ती), मनोज कुमार शौकीन (नांगलोई जाट), प्रद्युम्न सिंह राजपूत (द्वारका), प्रवेश रत्न पटेल (पटेल नगर), राज कुमार भाटिया (आदर्श नगर), राम सिंह नेताजी (बदरपुर), रवि कांत त्रिलोकपुरी (त्रिलोकपुरी), संजय गोयल (शाहदरा), सुरेंद्र कुमार (गोकलपुर), तरविंदर सिंह मरवाह (जंगपुरा) और श्रीमती नीलम पहलवान (नजफगढ़) शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ये विधायक दिल्ली विधानसभा और एमसीडी के बीच समन्वय स्थापित कर नीति निर्माण और नागरिक परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करेंगे। इनकी विशेषज्ञता नगर निगम सेवाओं को मजबूत करने, शहरी विकास को गति देने और कचरा प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण तथा सार्वजनिक स्वच्छता जैसी चुनौतियों के समाधान में मददगार होगी।

यह पहल दिल्ली विधानसभा की नागरिक प्रशासन को मजबूत करने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और दिल्ली के सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Next Post

पोक्सो और त्वरित न्यायालयों में तीन लाख से अधिक मामलों का निपटारा

Sat Mar 22 , 2025
नयी दिल्ली,22 मार्च (वार्ता) बच्चों को यौन शोषण और यौन उत्पीड़न से बचाने के लिए देश में 404 पोक्सो अदालतों सहित 754 त्वरित अदालतें कर रही है जिन्होंने तीन लाख से अधिक मामलों का निपटारा किया है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की संसद में पेश एक रिपोर्ट में […]

You May Like