सीहोर. चर्च मैदान पर राज्य स्तरीय महिला फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा द्वारा किया गया. कार्यक्रम में विशेष अतिथि नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, योगेश उपाध्याय सहित जिला फुटबाल एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद थे.
शुभारंभ अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि शहर सहित आसपास के फुटबाल खिलाडिय़ों के लिए चर्च आदर्श मैदान है. इस मैदान ने अनेक खिलाडिय़ों को सफलता का मार्ग दिया है.
मंगलवार से आरंभ हुई राज्य स्तरीय महिला फुटबाल प्रतियोगिता में प्रदेश की 16 टीमें शामिल हैं. प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग के पिता स्व. कैलाश नारायण सारंग की स्मृति में आरंभ हुई प्रतियोगिता अनेक महिला खिलाड़ी शामिल हैं. जिन्होंने अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया. पहले दिन सीहोर महिला टीम ने ग्वालियर को हराया.
प्रतियोगिता में पहला मैच छिंदवाड़ा विरुद्ध नीमच के मध्य खेला गया. जिसमें छिंदवाड़ा टीम विजय रही. प्रतियोगिता में दूसरा मैच बालाघाट विरुद्ध इंदौर के मध्य मैच खेला गया. जिसमें बालाघाट विजय रही. तीसरा मैच सीहोर व ग्वालियर के मध्य खेला गया जिसमें सीहोर विजय रही. महिला प्रतियोगिता का शहर के दो स्थानों पर मैच खेला जा रहा है. मैच के अंत में फुटबाल संघ के आनंद उपाध्याय, अरुण राठौर, शैलेंद्र चंदेल, अत्ताउल्लाह खान, अरुण पारे, दीपक बाथम, कमलेश अग्रवाल, विशाल मनोज अहिरवार, मनोज दीक्षित मामा सहित अतिथियों द्वारा पत्रकार योगेश उपाध्याय का सम्मान किया.
