खण्डवा: कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देशानुसार कल 22 मार्च से ओंकारेश्वर में निवेदन अभियान प्रारंभ किया जायेगा। जिसमें पॉलिथीन के उपयोग को रोके जाने हेतु आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लोगों को समझाइश देंगे ।इस अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समूह ओंकारेश्वर की प्रत्येक दुकान पर जाकर यह निवेदन करेंगे कि पॉलिथीन का उपयोग ना करें एवं उसके स्थान पर कपड़े की थैली या कागज के पैकेट का उपयोग करें।
पॉलिथीन के उपयोग से मां नर्मदा को नुकसान पहुंचता है साथ ही पर्यावरण एवं पशु पक्षियों को भी नुकसान पहुंचता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी दामले ने बताया कि कपड़े की थैली या कागज के पैकेट का उपयोग करने से हम प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण कर सकते हैं और पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत नारे लेखन,समूह गतिविधियों आदि के माध्यम से समाज में पर्यावरण सुरक्षा के लिए जागरूकता फैलाई जाएगी।
