‘भारत, अमेरिका की बीच परस्पर लाभकारी बीटीए के लिए बातचीत जारी’

नयी दिल्ली, 21 मार्च (वार्ता) भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर पारस्परिक शुल्क लगाने की चेतावनी पर संयमित प्रतिक्रिया में आज कहा कि वह द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए रूपरेखा तैयार करने के लिए अमेरिका के साथ “सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां अपनी नियमित मीडिया ब्रीफिंग में श्री ट्रम्प के बयानों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर बातचीत को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में हैं। दोनों सरकारें बीटीए के लिए रूपरेखा तैयार करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही हैं, जिसका उद्देश्य व्यापार का विस्तार करना, बाजार पहुंच को बढ़ाना, शुल्कीय और गैर-शुल्कीय बाधाओं को कम करना और आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण को गहरा करना होगा।”

श्री जायसवाल ने कहा, “इस प्रयास में, हमारे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री (पीयूष गोयल) 3-7 मार्च तक अमेरिका के दौरे पर थे, जहां उन्होंने अमेरिकी वाणिज्य सचिव और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि से मुलाकात की।” उन्होंने कहा, “भारत सरकार पारस्परिक रूप से लाभकारी बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर पहुंचने के लिए विभिन्न स्तरों पर अमेरिकी प्रशासन के साथ बातचीत कर रही है।”

ब्रेइटबार्ट न्यूज़ को दिए गए एक साक्षात्कार में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि भारत के साथ उनके बहुत अच्छे संबंध हैं, लेकिन ‘नई दिल्ली दुनिया के सबसे ज़्यादा टैरिफ़ लगाने वाले देशों में से एक है’ और वह 2 अप्रैल से भारत पर अपने पारस्परिक टैरिफ़ लगाने जा रहे हैं। व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 13 फ़रवरी को हुई द्विपक्षीय बैठक के बारे में पूछे जाने पर राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा था, “भारत के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं, लेकिन भारत के साथ मेरी एकमात्र समस्या यह है कि वे दुनिया के सबसे ज़्यादा शुल्क लगाने वाले देशों में से एक हैं। मुझे लगता है कि वे शायद उन शुल्कों को काफ़ी हद तक कम करने जा रहे हैं, लेकिन 2 अप्रैल को हम उनसे वही शुल्क वसूलेंगे जो वे हमसे वसूलते हैं।”

Next Post

भारतीय छात्र बदर खान सूरी या अमेरिकी सरकार ने अब तक संपर्क नहीं किया: विदेश मंत्रालय

Fri Mar 21 , 2025
नयी दिल्ली, 21 मार्च (वार्ता) फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास के साथ कथित संबंधों को लेकर अमेरिकी आव्रजन अधिकारियों द्वारा भारतीय छात्र बदर खान सूरी को हिरासत में लिए जाने के रिपोर्टों पर विदेश मंत्रालय ने आज स्पष्ट किया कि इस मामले में अमेरिकी सरकार या भारतीय नागरिक ने उनसे संपर्क […]

You May Like