नयी दिल्ली 21 मार्च (वार्ता) दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में दौरे के दौरान कामों में खामियां दिखने पर कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) को निलंबित करने का आदेश दिया।
श्री वर्मा ने पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में नालों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई खामियां दिखीं, जिन पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और उन्होंने यहां के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) को निलंबित करने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी की सड़क के साथ नाले की सफाई पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी है, लेकिन यह काम बिल्कुल भी नहीं हो रहा है इसलिए एक्सईएन को निलंबित करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि अगर आप लोग अपना काम नहीं करेंगे तो कार्रवाई होगी। हम अपनी राजधानी दिल्ली को ऐसे हाल में नहीं छोड़ सकते।
