भिंड से कुख्यात और पैसठ हजार रुपए का इनामी बदमाश गिरफ्तार

भिंड, 20 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश की भिंड पुलिस ने हत्या सहित एक दर्जन संगीन अपराधों के आरोपी और 65 हजार के इनामी बदमाश रामनरेश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सिवनी जिले में प्रधान आरक्षक की हत्या की थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक डॉ असित यादव ने आज देर शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि रामनरेश तीन साल से ट्रक ड्राइवर और हेल्पर बनकर फरारी काट रहा था। उसे पकड़ने के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में कई बार दबिश दी गई थी। कल रात भिंड जिले की गोहद पुलिस को रामनरेश गुर्जर ग्वालियर से गोहद किसी वारदात की नीयत से आने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने ग्राम बंकेपुरा में मेहंदीपुर एक क्रेशर के पास संदिग्ध युवक को घेरकर पकड लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामनरेश गुर्जर बताया और हत्या में प्रयुक्त हथियार के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने उसके घर से एक कट्टा और छह कारतूस जब्त किए। आरोपी रामनरेश गुर्जर पर हत्या, हत्या प्रयास, लूट, डकैती और अवैध हथियार सप्लाई सहित 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। 18 जनवरी 2024 की रात सिवनी पुलिस नागपुर-जबलपुर हाईवे पर बदमाशों की गाड़ी का पीछा कर रही थी। छिंदवाड़ा बाइपास पर गाड़ी रोकने की कोशिश के दौरान रामनरेश ने प्रधान आरक्षक राकेश ठाकुर को गोली मारकर हत्या कर दी।
कुख्यात आरोपी रामनरेश गुर्जर पर मध्यप्रदेश के भिण्ड, मुरैना, दतिया, ग्वालियर और सिवनी सहित कई जिलों के थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और अलग-अलग जगहों पर फरारी काट रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उसके अपराध से जुड़े अन्य सहयोगियों की जांच कर रही है।

Next Post

ईपीएफओ ने जनवरी में 17.89 लाख सदस्य जोड़े

Thu Mar 20 , 2025
नयी दिल्ली 20 मार्च (वार्ता) कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने जनवरी 2025 में 17.89 लाख सदस्य जोड़े हैं जिसमें 2़17 लाख महिलायें हैं। केंद्रीय श्रम एवं राेजगार मंत्रालय ने गुरुवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि दिसंबर 2024 की तुलना में जनवरी 2025 में 11.67 प्रतिशत की […]

You May Like