
रीवा। रीवा जिले के गढ़ थाना अन्तर्गत बीती रात एक ठेकेदार पर हमला कर लूट का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. सुनसान रास्ते पर बदमाशों ने ठेकेदार पर लाठी डंडों से ना सिर्फ हमला किया बल्कि गन प्वाइंट पर मोबाइल, बाइक और नगदी लूटकर फरार हो गए. फिलहाल बदमाशों द्वारा किए गए हमले में ठेकेदार को गंभीर चोटे आई है, जिनका रात में ही प्राथमिक उपचार कराया गया. वहीं पीडि़त ठेकेदार ने मामले की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई है जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
लूट का सनसनीखेज मामला लालगांव चौकी क्षेत्र अंतर्गत पनियारी घाट स्थित रुझौही के जंगल का है. घटना के संबंध में पीडि़त देवमूर्ति पांडे निवासी गंगेव ग्राम मठा ने जानकारी देते हुए बताया कि वह विद्युत कंपनी में संयुक्त रूप से ठेकेदारी का काम करते हैं. पीडि़त के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम जब वह अतरैला स्थित साइड से वापस अपने घर आ रहे थे, तभी रुझौही के पास स्थित पनियारी घाट के जंगल में अज्ञात बदमाशों ने अचानक से उनके ऊपर हमला कर दिया. पीडि़त के मुताबिक बदमाश चार की संख्या में थे, जिन्होंने उनके ऊपर ताबड़तोड़ लाठियां बरसते हुए कट्टे की नोक पर जेब में रखा मोबाइल और 20 हजार की नगदी समेत बाइक छीनकर फरार हो गए. पीडि़त ने बताया कि बदमाशों ने चेहरे को नकाब से ढक रखा था, जिसके चलते उनकी पहचान नहीं की जा सकी. वहीं घटना के बाद घायल ने पास में ही स्थित एक कैंप में पहुंचकर मदद की गुहार लगाई जहां मिले लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई और घायल को उपचार के लिए सिरमौर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. फिलहाल प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस अब घटनास्थल पर पहुंची है, और मौका मुआयना करने के बाद मामले को जांच में लेते हुए बदमाशों की पता तलाश शुरू कर दी है.
