
सीधी/बहरी। एसडीएम के प्रतिबंधात्मक आदेश एवं पुलिस की कई कार्यवाहियों के बाद भी क्षतिग्रस्त जोगदहा सोन पुल से ओव्हरलोड रेत के वाहन निकलते हैं। बहरी-हनुमना स्टेट हाइवे में स्थित सोन नदी के जोगदहा पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद करीब 3 वर्ष से बड़े वाहनों की आवाजाही पर सिहावल एसडीएम द्वारा प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुल से केवल चार पहिया, तीन पहिया एवं दो पहिया वाहनों के ही निकलने की छूट है। इसी छूट की आड़ में दबंग रेत माफिया के ओव्हरलोड वाहन निकल रहे हैं। ज्यादा हो-हल्ला मचने एवं वीडियो वायरल होने पर पुलिस द्वारा कुछ वाहनों पर कार्यवाही भी की जाती है। फिर भी रेत परिवहन में लगे ओव्हरलोड वाहनों की आवाजाही नहीं रूक रही है।
पुलिस ने डलवाई थी मिट्टी
सोन नदी जोगदहा के क्षतिग्रस्त पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिये अभी दो दिन पहले ही सडक़ के दोनो तरह जेसीबी लगाकर पुलिस द्वारा मिट्टी के ऊंचे ढेर लगवाये गये थे। मिट्टी के ढेरों के बीच केवल इतनी जगह छोड़ी गयी थी कि चार पहिया वाहन ही निकल सकें। फिर भी रेत परिवहन में लगे ओव्हरलोड हाइवा को निकालने के लिये पर्याप्त जगह बना ली गई है।
पुन: गेट लगाने की दरकार
सोन नदी जोगदहा के क्षतिग्रस्त पुल के ऊपर से रेत परिवहन में लगे वाहन न निकल सकें इसके लिये फिर से पुल के दोनो प्रवेश द्वार में लोहे का गेट लगाने की दरकार है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि लोहे के गेट सही साइज में लग जाएं और उनकी निगरानी होती रहे तो रेत परिवहन में लगे वाहन नहीं निकल सकते।
इनका कहना है
मेरे द्वारा लगभग आधा दर्जन वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। भारी वाहनों की रोकथाम के लिए अमिलिया क्षेत्र की सोन पुल के मार्ग के अगल-बगल मिट्टी भी डलवाई गई है।
राजेश पाण्डेय, थाना प्रभारी थाना अमिलिया
जोगदहा सोन नदी पुल से भारी वाहनों के आवागमन में प्रतिबंधात्मक आदेश है। विगत दिनों दो वाहनों के खिलाफ कार्यवाही भी की गई थी।
राकेश वैस, थाना प्रभारी थाना बहरी
