ढाका, 19 मार्च (वार्ता) बंगलादेश सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने अमेरिकी सीनेटर गैरी पीटर्स को आश्वासन दिया है कि देश में चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष होंगे और पिछले समारोहों की तरह उत्सव के माहौल में आयोजित किए जाएंगे।
ढाका ट्रिब्यून ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
रिपोर्ट के मुताबिक श्री यूनुस ने मंगलवार को स्टेट गेस्ट हाउस जमुना में दौरे पर आए सीनेटर के साथ बैठक के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा, “चुनाव बड़े जश्न के साथ होंगे , जैसे हमने पहले भी देखा है।”
मुख्य सलाहकार ने कहा कि यदि राजनीतिक दल न्यूनतम सुधारों पर सहमत होते हैं, तो सरकार दिसंबर में चुनाव कराएगी। अगर राजनीतिक दल सरकार से बड़े सुधार पैकेज की मांग करते हैं, तो आम चुनाव कुछ महीने बाद कराए जाएंगे।
एक घंटे की बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने आपसी हितों से जुड़े मुद्दों और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।
सीनेटर पीटर्स के अंतरिम सरकार की सुधार पहलों से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए यूनुस ने कहा कि यदि प्रमुख आयोगों द्वारा प्रस्तावित सुधारों पर राजनीतिक दल सहमत होते हैं, तो वे जुलाई चार्टर पर हस्ताक्षर करेंगे। उन्होंने जोर दिया कि जुलाई चार्टर देश के भविष्य की दिशा तय करेगा।
