ग्वालियर: एक दुकान के ताले तोड़कर चोर गल्ले में रखी करीब 50 हजार रुपए नकदी ले भागे। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के गिर्राज मंदिर के सामने सिंघल पेन सेंटर एवं स्टेशनरी स्टोर की है। पुलिस ने दुकान में लगे कैमरे खंगाले तो एक चोर रात करीब 3 बजे दुकान में दाखिल होता हुआ नजर आया। महाराणा प्रताप नगर निवासी जगदीश अग्रवाल व्यवसायी हैं। उनकी गिर्राज मंदिर के सामने स्टेशनरी और पेन की शॉप है।
रोज की तरह रात को वे दुकान बंद कर घर चले गए। सोमवार सुबह जब दुकान पर आए तो दुकान की खिड़की निकली हुई थी और दराज में रखे 50 हजार के साथ ही रोजाना की बिक्री के रुपए गायब थे। मामला समझ में आते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो उसमें चोर 2 बार फोन पर बातचीत करता हुआ दिखाई दिया। पुलिस का मानना है कि चोरी के समय उसके साथी दुकान के बाहर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे होंगे।
झांसी रोड थाना क्षेत्र के शिवपुरी बायपास स्थित नौगांव पर चोरों ने आठ किलोमीटर लंबा बिजली की हाईटेंशन लाइन का तार काट ले गए। घटना का पता उस समय चला जब क्षेत्र में अंधेरा छाया तो बिजली विभाग को शिकायत पहुंची। लाइट गायब होने का पता चलते ही बिजली विभाग अलर्ट हुआ और जांच की तो पता चला कि चोर हाईटेंशन लाइन का आठ किलोमीटर तार चोरी कर ले गए है। घटना का पता चलते ही पुलिस को शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी चोर कई थाना क्षेत्रों में इसी तरह हाईटेंशन लाइन का तार काट कर चोरी कर ले गए है। अभी तक उन्हें पकड़ा नहीं जा सका है।
