
नव भारत न्यूज
इंदौर। शहर में कल रंगपंचमी के अवसर पर गेरें निकलेगी। इसको लेकर प्रशासन, निगम और पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर गेर मार्ग का दौरा किया। अधिकारियों के साथ गेर आयोजक भी थे।
कलेक्टर आशीष सिंह , पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह एवं निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने आज गेर मार्गों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान विशेष रूप से विद्युत सुरक्षा का ध्यान रखने पर जोर दिया गया। जीर्ण-शीर्ण भवनों पर विशेष निगरानी और सूचना पटल लगाने का बंदोबस्त किया है।गेर मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है । कलेक्टर सिंह ने बताया कि पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी । साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा हैं। बेरिकेटिंग भी लगाए जाएंगे। आकस्मिक चिकित्सा के भी प्रबंध किए जा रहे हैं। निर्धारित स्थानों पर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों तैनात रहेंगे। रंगो के त्यौहार पर गेर देखने के लिए गेर मार्ग के भवनों पर नागरिकों के लिए बैठने की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त अमित सिंह, एडीएम रोशन राय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
विद्युत मंडल की टीम द्वारा शहर में विशेष तैयारी
रंग पंचमी 19 मार्च को विशेष गेर के लिए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की टीम ने विशेष तैयारी की हैं। जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस के अधिकारियों के साथ टोरी कार्नर, मल्हारगंज से लेकर राजबाड़ा, कृष्णपुरा तक के गेर मार्ग का निरीक्षण किया गया। गेर मार्ग पर केबल व तार पर्याप्त व सुरक्षात्मक ऊंचाई पर किए गए । वहीं कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मर के पुराने, क्षतिग्रस्त बॉक्स बदले गए है। सुभाष चौक जोन पर बिजली कंपनी का अस्थाई कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। विभिन्न ग्रिड, ट्रांसफार्मरों के पास बिजली कर्मचारी तैनात रहेंगे।
शहर अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा ने बताया कि ऐतिहासिक गेर के दौरान फायर फायटर से 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक रंग उड़ाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षात्मक कारणों से 11 केवी लाइन के कुल 14 फीडरों से अलग-अलग समय पर बिजली प्रदाय बंद किया जाएगा। साथ ही गेर मार्ग की बिजली संबंधी व्यवस्थाओं के लिए 15 इंजीनियरों समेत कुल 50 कर्मचारी तैनात रहेंगे।
