स्वास्थ्य ही मानव जीवन की आधारशिला : प्रधान न्यायाधीश मिश्र 

जबलपुर। विगत शनिवार को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय परिसर में न्यायाधीशगण एवं न्यायिक कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक व्यापक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्रधान जिला न्यायाधीश कृष्णमूर्ति मिश्र ने कहा कि स्वास्थ्य ही मानव जीवन की आधारशिला है। एक स्वस्थ व्यक्ति ही अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि निरंतर कार्यभार एवं मानसिक दबाव का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, अतः समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर जिला चिकित्सालय द्वारा समुचित जांच एवं उपचार की समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहना चाहिए, जिससे सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का अवसर मिले।

644 व्यक्तियों का हुआ स्वास्थ परीक्षण

कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शक्ति वर्मा द्वारा किया गया एवं कहा कि इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। एक स्वस्थ व्यक्ति ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण दक्षता एवं समर्पण के साथ कर सकता है। इस शिविर में डीन, मेडिकल कॉलेज जबलपुर द्वारा गठित 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम एवं शासकीय विक्टोरिया जिला चिकित्सालय, जबलपुर से 14 चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान जनरल मेडिसिन, अस्थि रोग, त्वचा एवं व्हीडी रोग, दंत चिकित्सा, न्यूरोलॉजी, मनोरोग, नेत्र रोग, शिशु रोग, कैंसर एवं नेफ्रोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के अंतर्गत कुल 644 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सिविल अस्पताल रांझी के पैथोलोजी टीम द्वारा 100 न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रक्त परीक्षण भी किए गए। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ उठाया तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी जागरूकता एवं प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

Next Post

पर्यटन सीजन के लिए तैयारियां पहले की कर ली जायें: धामी

Sat Apr 11 , 2026
हल्द्वानी, 11 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी दौरे पर काठगोदाम के सर्किट हाउस में जिले के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था के साथ ही आगामी पर्यटन सीजन, मानव वन्य जीव संघर्ष को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पर्यटक सीजन की सारी […]

You May Like

मनोरंजन