
सतना। कलेक्टर डा सतीश कुमार एस को सोमवार को दोपहर कुछ मजदूरों का ईंट भट्टे में होने का वीडियो प्राप्त हुआ। जिसके साथ मजदूरों का एक मोबाइल नंबर था एवं लेख किया गया था कि उक्त मजदूर हरियाणा के किसी स्थान पर जबरदस्ती रखे गए हैं एवं सतना के रहने वाले हैं।
इस संबंध में कलेक्टर डा सतीश कुमार द्वारा प्रभारी सहायक श्रमायुक्त अनुराग प्रताप सिंह को त्वरित कार्यवाही कर प्रकरण से संबंधित समस्त जानकारी प्राप्त करने एवं फंसे मजदूरों की सकुशल वापसी हेतु कहा।
मजदूर मझगांव अंतर्गत ग्राम किल्हौरा के निवासी हैं। मजदूर अरुण कुमार मवासी एवं प्रकाश मवासी निवासी ग्राम किल्हौरा तहसील मझगवां द्वारा दूरभाष के माध्यम से बताया गया कि उसे व अन्य 24 लोगों को ठेकेदार निवासी ग्राम नरदहा, बरौंधा द्वारा हरियाणा राज्य के भिवानी जिला अंतर्गत ईंट भट्टे में मजदूरी कार्य करने हेतु ले जाया गया है।उन्हें स्थानीय ठेकेदार द्वारा दैनिक मजदूरी दिलाए जाने की बात कह कर हरियाणा में मजदूरी दिलाए जाने का कह कर ले गया था किंतु ठेका लेकर ईंट बनाने का कार्य कराया जा रहा है। मजदूरों एवं उनके परिवारजनों की कुल संख्या 25 (महिला, पुरुष एवं बच्चे सहित) है। मजदूरों द्वारा बताया गया कि उनसे जबरदस्ती बहुत अधिक कार्य कराया जा रहा है, कार्य न करने पर डराया धमकाया जा रहा है और घर वापस नहीं जाने दिया जा रहा है।स्थानीय ठेकेदार जो उन्हें वहां लेकर गया है वह भी वहां नहीं है।
सभी श्रमिक थाना बवानी खेड़ा जिला भिवानी (हरियाणा) अंतर्गत ग्राम दुर्जनपुर एवं जीतखेड़ी ग्राम के आस पास ईंट भट्टे में होना बताया गया ।
इस जानकारी के आधार पर संबंधित थाना एवं सहायक श्रमायुक्त भिवानी को प्रभारी सहायक श्रमायुक्त सतना द्वारा इस संबंध में सूचित किया गया एवं पत्र प्रेषित किया गया। सहायक श्रमायुक्त भिवानी द्वारा श्रम विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम के साथ कार्यवाही कर देर रात्रि में सभी श्रमिकों को उक्त स्थान से सकुशल निकाल कर पास के कस्बे में सुरक्षित स्थान तक पहुंचवाया गया।
तत्पश्चात मंगलवार सुबह सभी मजदूर दिल्ली के लिए रवाना हुए और दिल्ली पहुंचने के पश्चात ट्रेन से गुरुवार शाम को मझगवां लौट आए हैं।
