हुडदंगियों-शराबियों से सख्ती से निपटेगी पुलिस
शहर से ग्रामीण अंचल में दो हजार का फोर्स तैनात
जबलपुर: होली पर्व को लेकर जिले में पुलिस की चौकसी कड़ी कर दी गई है। शहर सहित देहात क्षेत्रों में दो हजार का फोर्स तैनात कर दिया गया है। इस दौरान हुडदंगियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। तीन सवारी वाले दो पहिया वाहनों, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, सडक़ों पर स्टंट करने वालों, तेज रफ्तार या जिग-जैग में गाड़ी चलाने वालों, पटाखे फोडऩे वाले सायलेंसर वाली मोटर साइकिलों, शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर विशेष नजरें रखते हुये पुलिस उनसे सख्ती से निपटेगी एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर (एल्कोमीटर) से जांच होगी।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगा एवं इन स्थानों पर पुलिस की मोबाईल पार्टियां लगातार गश्त कर निगाहें रखेंगी एवं नशे में हुड़दंग करने वालों पर एक्शन लेंगी । इसके अतिरिक्त पुलिस की सीसीटीव्ही टीम भी सीसीटीव्ही कैमरों से लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी करेगी साथ ही सादा ड्रेस में भी पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी जगह-जगह तैनात रहेंगे। इसके साथ ही पुलिस की सोशल मीडिया पर भी नजर रहेगी और सोशल मीडिया पर अफवाह या अश्लीलता फैलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही होगी।
