विजय नगर में हुई दिल दहला देने वाली घटना
हत्या के प्रयास का केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर: विजय नगर थाना क्षेत्र के सेठी नगर में एक वर्ष की मासूम बच्ची को निर्दयता से जमीन पर पटकने की घटना सामने आई है. बच्ची को उसके चाचा की गोद से जबरन छीनकर पटक दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. फिलहाल बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका क्षेत्र में जुलूस निकाला.
थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि आरोपी अंशुल पटेल ने बुधवार को इंदर कुशवाह से विवाद के दौरान गुस्से में बच्ची को जमीन पर पटक दिया था. परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और गुरुवार को आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. भागने के प्रयास में आरोपी गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आई. पुलिस ने आरोपी का इलाके में जुलूस निकाला ताकि जनता के सामने उसकी हरकतों का खुलासा हो सके और अपराधियों में डर पैदा किया जा सके.
आदतन अपराधी है आरोपी
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं, अंशुल पटेल के खिलाफ लूट, छेड़छाड़ और चाकूबाजी के 11 मामले दर्ज हैं. वह नशे का आदी है और आए दिन वारदातों को अंजाम देता रहता है. हाल ही में उसे थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन उसने पुलिस कमिश्नर के आदेश का उल्लंघन किया.
