सतना : दो दिन पहले हुर्द मामूली बारिश के बाद मौसम ने कुछ इस कदर करवट बदली कि एक बार फिर से जबरदस्त गलन शुरु हो गई. आलम यह रहा कि महज 24 घंटे में ही दिन और रात के तापमान में 3 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज कर ली गई. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान के बढऩे और फिर फरवरी के पहले सप्ताह में बारिश का दौर सामने आ सकता है.
मौसम कार्यालय के अनुसार शुक्रवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान में एक ओर जहां पिछले 24 घंटे में 0.7 डिग्री की गिरावट देखने को मिली. वहीं दूसरी ओर यह सामान्य की तुलना में 3.4 डिग्री नीचे आंका गया. इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस लिहाज से न्यनूतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज कर ली गईं.
जबकि सामान्य की तुलना में भी यह 0.2 डिग्री सेल्सियस कम आंका गया. इस मौसमी फेरबदल का सीधा असर जनजीवन पर पड़ता नजर आने लगा. सर्द हवाओं की वजह से एक ओर जहां जबरदस्त गलन शुरु हो गई वहीं दूसरी ओर शुक्रवार की सुबह शहर सहित जिले भर में घना कोहरा छाया रहा. कोहरे के असर के चलते दोपहर होने तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके. दोपहर बाद धूप निकलने के बाद भी गलन में कोई कमी नहीं आई.
राहत मिलने के बाद बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सर्द हवाओं और कोहरे के असर की संभावना बन रही है. लेकिन परिश्चमी विक्षोभ की सक्रियता के शुरु हो जाने से फरवरी के आरंभ होते ही एक बार फिर से न्यूनतम तापमान में थोड़ा इजाफा देखने को मिलेगा. जिसके बाद विंध्य में बारिश का असर शुरु हो सकता है. बारिश के साथ गरज चमक की संभावना भी जताई जा रही है.
