आरसीबी ने मुम्बई इंडियंस को जीत के लिए 200 रनों का दिया लक्ष्य

मुम्बई 11 मार्च (वार्ता) स्मृति मंधाना (53), एलिस पेरी (नाबाद 49) और जॉर्जिया वेयरहम (नाबाद 31) की आतिशी पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मंगलवार को वूमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में मुम्बई इंडियंस को जीत के लिए 200 रनों का लक्ष्य दिया।

आज यहां मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी के लिए एस मेघना और कप्तान स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। चौथे ओवर में हैली मैथ्यूज ने एस मेघना (26) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी एलिस पेरी ने स्मृति मंधाना का बखूबी साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 59 रन जोड़े। 12वें ओवर में एमेलिया केर स्मृति मंधाना को आउटकर मुम्बई इंडियंस को दूसरी सफलता दिलाई। स्मृति मंधाना ने 37 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाते हुए (53) रनों की अर्धशतकी पारी खेली। ऋचा घोष 22 गेंदों में (36) रन बनाकर आउट हुई। आखिरी ओवरों में एलिस पेरी और जॉर्जिया वेयरहम ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 199 रन पहुंचा दिया। एलिस पेरी ने 38 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए (नाबाद 49) रन बनाये। वहीं जॉर्जिया वेयरहम ने 10 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से (नाबाद 31) रन बनाये।

मुम्बई इंडियंस की ओर से हैली मैथ्यूज ने दो और एमेलिया केर ने एक विकेट लिया।

 

Next Post

होली, रंगपंचमी और रमजान पर शांति एवं कानून व्यवस्था रखें बहाल: डीजीपी

Tue Mar 11 , 2025
भोपाल, 11 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि होली, रंगपंचमी और ईद के त्यौहारों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बहाल रहे और सौहार्द बना रहे। श्री मकवाणा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस विभाग के आला अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में समस्त […]

You May Like