दो राज्यों के सैकड़ो लोगों ने 20 घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
सिंगोली। मध्य प्रदेश में नीमच जिले की सिंगोली तहसील से लगे राजस्थान राज्य की सीमावर्ती वन क्षेत्र में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। जिसे बुझाने के लिए मध्य प्रदेश सहित दोनों राज्यों के सैकड़ो लोगों ने लगातार 18 से 20 घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दो राज्यों की सीमा पर भीषण आग लगने की सूचना के बाद नीमच जिला वन मंडल अधिकारी श्री अटोडे ने सिंगोली तहसील के सभी वन कर्मियों को आग बुझाने के संसाधनों के साथ सीमा पर तैनात कर दिया था।इस बीच सीमावर्ती गांव के लोगों ने भी आग को मध्य प्रदेश क्षेत्र में फैलने से रोके रखा। वन क्षेत्र में धधकती आग के नजारे को देखने के लिए सिंगोली कस्बे सहित आसपास गांवों के लोग रात में भी छतों पर चढक़र वीडियो बनाते नजर आए।
बताया जाता है कि आग सीमावर्ती गांव आरोली के पास जंगल में लगी थी, जिसने तीव्र गति से मध्य प्रदेश सीमा की ओर रुख किया। हालांकि सोमवार दोपहर से मंगलवार अल सुबह करीब 5:00 बजे तक लगातार प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझाने में सिंगोली क्षेत्र के वन अधिकारियों में डिप्टी रेंजर बापू लाल दायना, वनरक्षक सदाशिव धाकड़, मदन धनगर, कालू सिंह निनामा, शंभू प्रजापत और बालकिशन सहित आसपास गांव धारड़ी, अरनिया और देवपुरिया के बालकिशन धाकड़, कमलेश धाकड़, अशोक धाकड़, सोहनलाल धाकड़ मांगीलाल धाकड़, रामलाल और पुजारी संजय और रावड़दा सरपंच राजू सेन आदि ग्रामीणों ने सराहनीय भूमिका निभाई।