मुख्यमंत्री ने फर्नीचर क्लस्टर, बड़ा जू, मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने की दी सौगात

जबलपुर। इंदौर, भोपाल, उज्जैन के बाद अब जबलपुर को एक साल के अंदर मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाया जाएगा, ये मेरा संकल्प है। जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर की अपार संभावनाएं हैं इसलिए जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर जल्द स्थापित किया जाएगा जिससे यहां के फर्नीचर कारीगरों को रोजगार मिलेगा और देश विदेश में फर्नीचर निर्यात करने का शहर एक मुख्य केंद्र बनेगा। जबलपुर के मदनमहल के पास एक बड़ा जू बनाया जाएगा। एम्स की तर्ज पर मेडिकल यूनिवर्सिटी कैंपस के साथ साथ जबलपुर में प्रदेश का स्वास्थ्य का पहला मॉडल बनाकर तैयार किया जाएगा।

ये सारी घोषणाएं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कीं। मौका था घंटाघर स्थित गीता भवन में आयोजित विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह का। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक कर करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण किया और साथ ही पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को डिजीटल कार्ड प्रदान किया।

सांदिपनी स्कूलों की मिली सौगात

कार्यक्रम के दौरान विधायक अभिलाष पांडे ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया था कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में सांदिपनी स्कूल की सौगात दी जाए जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक को सौगात देकर कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में सांदिपनी स्कूल खोला जाएगा इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से भी कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में सांदिपनी स्कूल खोला जाएगा। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े, नीरज सिंह, सुशील तिवारी, सांसद आशीष दुबे, एसपी संपत उपाध्याय, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज,नगर निगम कमिश्रर रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया , भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

11 लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया

गीता भवन पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डुमना नेचर पार्क में ‘कैच द रेन अभियान के अंतर्गत 11 लाख पौधारोपण अभियान की शुरुआत कीे, जिसके तहत उमरिया, डुमना और कठौंदा में मियावाकी पद्धति से 5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, उमरिया में 5 एकड़ के पौध-पहचान पार्क, डुमना में ‘नवग्रह वाटिका और जल संरक्षण के लिए ‘कैच द रेन अभियान के तहत सोकपिट्स बनाने का शुभारंभ भी किया।

Next Post

किसानों का गुस्सा: कृषि उपज मंडी का गेट बंद कर किया चक्का जाम, पुलिस -प्रशासन ने संभाला मोर्चा

Sat Aug 1 , 2026
दमोह। कृषि उपज मंडी में व्यापारियों द्वारा ढेरी तय कर बाद में मना करने से नाराज किसान शनिवार को सड़क पर उतर आए और मंडी गेट पर तालाबंदी कर चक्का जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार आज शनिवार को किसानों ने मंडी गेट को बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर […]

You May Like