
खरगोन। शहर के प्रतिष्ठित महाजन परिवार के साथ मुंबई- आगरा हाईवे पर बदमाशों ने लाठियों से पिटाई के बाद लाखों रुपए मूल्य के आभूषणों की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस वारदात के बाद महाजन परिवार सहित समाज में में आक्रोश का माहौल है।
बदमाशों की मारपीट में बुजुर्ग महिला सहित दो युवकों को गंभीर चोंटे आई है। पीडि़त सचिन सुरेशचंद महाजन ने बताया कि वह कपड़ा व्यवसायी होकर, शुक्रवार देरशाम खरगोन से अपने भाई वल्लभ, मां शारदा, पत्नि रेख और भांजी निशि महाजन के साथ पारिवारिक काम से इंदौर के लिए निकले थे। रात करीब 10 बजे फुडी रेस्टॉरेंट पर चाय पीने के बाद जैसे ही आगे बढ़े कुछ ही दूरी पर धामनोद से आगे पंचवटी रेस्टॉरेंट के समीप गाड़ी पंचर हो गई। ट्यूबलेस टायर होने के बाद भी गाड़ी लहराने पर रोकी और सभी सवार उतर गए। इसके बाद दूसरा टायर लगाने में करीब 10 से 15 मिनट का समय लगा। इस दौरान रात करीब 11. 30 बजे कुछ युवक आए और लाठियां बरसाना शुरु कर दी। बदमाशों ने महिलाओं पर झपटते हुए मंगलसूत्र, हाथ में पहनी सोने की चुडियां, बालियां, सोने की सर आदि खिंच लिए। दोनों भाईयों के गले में पहनी सोने की चैन भी खिंची। मां शारदाबाई के कान से टॉप्स इतनी निर्दयता से खिंचे की उनका कान कट गया।
आरोपियों को जल्द पकड़े पुलिस
महाजन के मुताबिक बदमाश करीब 20 लाख रुपए से अधिक के आभूषण लूटकर ले गए। इसके बाद काकड़दा पुलिस एवं धामनोद पुलिस चारों ओर तलाश में जुट गई। वहीं परिजनों को इलाज के लिए धामनोद अस्पताल भेजा गया। धामनोद थाने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पूरे मामले में धामनोद पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है। परिवार ने बताया कि उक्त घटना बेहद डरावनी थी, ऐसा किसी दूसरे परिवार के साथ न हो, इसलिए पुलिस गंभीरता से लुटेरों की तलाश कर जल्द गिरफ्तारी करें।
