जबलपुर: स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 के अंतर्गत शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलजमाव की समस्या से मुक्त बनाने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने एक विशेष जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है और इसे अपनी जीवनशैली से बाहर निकालकर ही हम एक स्वस्थ वातावरण का निर्माण कर सकते हैं।
निगमायुक्त ने बताया कि रोजमर्रा के जीवन में इस्तेमाल होने वाली पतली पॉलीथिन और प्लास्टिक की वस्तुएं नालियों में जाकर फंस जाती हैं। जिससे घरों से निकलने वाले गंदे पानी का बहाव रुक जाता है और रुका हुआ पानी मच्छरों और बैक्टीरिया का घर बन जाता है। यह प्लास्टिक मिट्टी की उपजाऊ शक्ति को भी खत्म करता है और पशुओं के लिए जानलेवा साबित होता है।निगमायुक्त ने नागरिकों से अनुरोध करते हुए बताया है कि प्लास्टिक का त्याग केवल निगम का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जब आप कपड़े का थैला साथ लेकर निकलेंगे, तो आप केवल सामान नहीं, बल्कि शहर का सम्मान लेकर घर लौटेंगे।
