
ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार की शाम ग्वालियर में ग्वालियर चंबल संभाग की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर आजीवन सहयोग निधि अभियान के प्रदेश प्रभारी गोपीकृष्ण नेमा, संभाग प्रभारी विजय दुबे, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया उपस्थित थे। हितानंद ने कहा कि ग्वालियर चंबल में भाजपा मजबूत स्थिति में है, यह कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही प्रतिफल है लेकिन हमें पार्टी की इस बेहतर स्थिति से संतुष्ट होकर नहीं बैठना है। राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने वालों को न सिर्फ एक के बाद एक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है बल्कि इन चुनौतियों पर विजय के लिए भी तैयार रहना होता है। उन्होंने ग्वालियर चंबल में पार्टी की स्थिति एवं विगत कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी प्रकल्पों, अभियानों के संबंध में भी दिशा निर्देश दिए। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानन्द ने ग्वालियर चंबल में चल रहे आजीवन सहयोग निधि अभियान की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली।
