
इंदौर. रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश को 40 बाय 40 इंच की विशेष राखी अर्पित की. कमल के आकार में तैयार इस राखी को राष्ट्रभाव, सनातन संस्कृति और भारतीय गौरव की थीम पर सजाया. मंदिर में राखी अर्पित किए जाने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.
विशेष पूजा अर्चना के बाद भगवान गणेश को राखी समर्पित की गई. मंदिर के पुजारी अशोक भट्ट, पुनीत भट्ट और सतपाल महाराज के निर्देशन में पूजन हुआ. इसके बाद राखी को बाबा महाकाल, अलिजा सरकार, बड़ा गणपति, छोटा गणेश और चिंतामणि गणपति को भी अर्पित किया. राखी में वंदे मातरम् के 150 वर्ष और राष्ट्रभाव को केंद्र में रखा. इसके साथ बाबा महाकाल, भगवान जगन्नाथ, मां महाकाली और मां महालक्ष्मी के स्वरूप उकेरे हैं. आगामी सिंहस्थ, महाकाल लोक, सांस्कृतिक एकता, समृद्धि और सनातन शक्ति के संदेश को भी इसमें दर्शाया है.
भोजशाला में मां वाग्देवी की पुनर्स्थापना का संदेश
राखी में मां वाग्देवी का स्वरूप भी शामिल किया है, इसके माध्यम से लंदन संग्रहालय में रखी ऐतिहासिक प्रतिमा को धार की भोजशाला में पुनर्स्थापित करने के संकल्प को दर्शाया है. मंदिर में राखी अर्पित करने के अवसर पर शांतु पुंडरीक पालरेचा, नानेश पालरेचा और शैलेन्द्र गुप्ता सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे. राखी का निर्माण मातुश्री पालरेचा परिवार की ओर से हाथ से किया है.
