
इंदौर. रक्षाबंधन पर बेटी को मोबाइल कॉल कर परेशान करने वाले युवक को समझाना पिता को भारी पड़ गया. बेटी को फोन करने से मना करने पर युवक भड़क गया और गाली गलौज करते हुए सरिए से पिता के सिर पर वार कर दिया. घायल पिता को धमकाकर आरोपी मौके से चला गया. शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है.
रामबलराम नगर में रहने वाले राहुल पिता पूरन सिंह आए दिन युवती को मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता था. रक्षाबंधन के दिन पिता ने राहुल को बेटी को परेशान नहीं करने के लिए समझाया. इस पर वह भड़क गया और बोला हमारे बीच की बात है, तुम बीच में क्यों आ रहे हो. इसके बाद राहुल ने गाली गलौज शुरू कर दी. फिर उसने सरिया निकालकर पिता के सिर पर वार कर दिया, मारपीट के बाद आरोपी ने धमकी दी कि युवती से बात करने से रोका तो ठीक नहीं होगा. घटना के बाद पीड़ित परिवार के साथ थाने पहुंचा. पुलिस ने राहुल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.
