
जबलपुर। कुंडम थाना अंतर्गत चौरई में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतकों की पहचान दीपक सिंह 40 वर्ष और अशोक यादव 25 वर्ष के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो बाइकों में भिड़ंत हुई है, हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों के परिवारों में इस घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे की सही वजह का पता लगाया जा सके।
