
इंदौर. बेटमा क्षेत्र में एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. तीनों की मौत 25 और 26 अगस्त के बीच हुई थी. पुलिस ने परिवार के घर से आटा, अन्य खाद्य सामग्री और पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं. तीनों बच्चियों का विसरा भी जांच के लिए भेजा है.
तीनों बहनों की उम्र 10, 8 और 6 वर्ष थी, 23 अगस्त को भोजन करने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी. इसके बाद दो बच्चियों की मौत हो गई. परिजन दोनों के शव लेकर छत्तीसगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव जा रहे थे. रास्ते में इटारसी के पास तीसरी बच्ची की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई. अस्पताल की सूचना के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया और तीनों शवों का इटारसी में पोस्टमार्टम कराया. मामले में फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. खाना खाने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने से खाद्य विषाक्तता की आशंका भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसे अभी मौत का कारण नहीं माना है. पोस्टमार्टम, विसरा और खाद्य-पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी. पुलिस अब परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने, बच्चियों के बीमार होने से लेकर उनकी मौत तक के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. बेटमा थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल ने बताया कि बच्चियों के विसरा के साथ घर से आटा, खाद्य सामग्री और पानी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं. पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी. फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
