चौकीदार की हत्या में इस्तेमाल कार की तलाश, सीसीटीवी से जुटाए जा रहे सुराग, आरोपी की तलाश में दबिश

इंदौर. लसूड़िया की ला एक्जोटिका टाउनशिप में चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय की कार से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. वारदात के बाद फरार आरोपी की तलाश के साथ पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से पहले और बाद के पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि टाउनशिप में प्रवेश को लेकर चौकीदार और कार सवार युवक के बीच विवाद हुआ था. विवाद के दौरान आरोपी ने धर्मेंद्र से मारपीट की. इसके बाद वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद कार लेकर वापस आया और चौकीदार तथा उसके रिश्तेदार गोविंद को टक्कर मार दी. आरोप है कि इसके बाद उसने कार दोबारा मोड़कर धर्मेंद्र को कुचल दिया था. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी, वहीं गोविंद भी घायल हुआ है. घटना के बाद से आरोपी फरार है. पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी है. साथ ही टाउनशिप और आसपास के कैमरों के फुटेज के जरिए कार की आवाजाही और आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता कर रही है कि विवाद के बाद आरोपी दोबारा मौके पर क्यों लौटा और कार से हमला किस परिस्थिति में किया. मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले में थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि मामले में आरोपी की तलाश की जा रही है. घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

तेज रफ्तार ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसा

Fri Aug 28 , 2026
मंडला। जिले के नेशनल हाईवे-30 पर बीजाडांडी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार से आ रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार 10 लोग […]

You May Like

मनोरंजन