भारत विकास की नई ऊँचाइयां छूने के लिए तैयार: विजेंद्र

भारत विकास की नई ऊँचाइयां छूने के लिए तैयार: विजेंद्र

नयी दिल्ली 08 मार्च (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

श्री गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) में आयोजित बिजनेस कॉन्क्लेव 2025 में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम एक ऐसे भारत की बात करने के लिए एकत्र हुए हैं जो अवसरों की धरती होने के साथ विकास की नई ऊँचाइयों को छूने के लिए तत्पर है। भारत सिर्फ एक देश नहीं, बल्कि संभावनाओं का महासागर है।

उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की भी बेहद ख़ुशी है कि हमारे कॉलेज को अब तक कई महान हस्तियों की मेजबानी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जिनमें देश के प्रधानमंत्री मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम एवं प्रणब मुखर्जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, तिब्बत के 14वें दलाई लामा, प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, आदि गोदरेज, सुंदर पिचाई, संदीप सिंह, कपिल शर्मा और सुरेश रैना सहित कई अन्य प्रमुख व्यक्तित्व शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में हर क्षेत्र में अरबों डॉलर के अवसर मौजूद हैं। हमारे पास 140 करोड़ लोगों की विशाल जनसंख्या है। इसका मतलब है कि हर व्यापार के लिए ग्राहक पहले से मौजूद हैं। यही कारण है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। भारत आज एआई अपनाने में अग्रणी है, जहाँ 80 प्रतिशत कंपनियाँ इसे अपनी प्राथमिक रणनीति के रूप में देख रही हैं। बीते 10 वर्षों में, हर दिन 50 स्टार्टअप्स भारत में पंजीकृत हुए हैं, और हर महीने एक नया यूनिकॉर्न स्टार्टअप जन्म ले रहा है। यह केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि एक नए भारत की कहानी है।

उन्होंने कहा कि यदि हम तकनीकी विकास की बात करें तो पिछले वर्ष भारत ने हर दिन 300 पेटेंट फाइल किए, जबकि 2014 में यह संख्या सिर्फ 11 थी। आज भारत वैश्विक डिजिटल भुगतान में 46 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ नेतृत्व कर रहा है और दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5जी बाजार बन चुका है।

श्री गुप्ता ने विकास में महिलाओं के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि भारत की प्रगति केवल आर्थिक और तकनीकी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तीकरण में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है, और यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भारत अब महिला विकास से महिला-नेतृत्व में विकास की ओर बढ़ रहा है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। 2019 में सबसे अधिक 78 महिला सांसद लोकसभा में चुनी गईं। महिला सशक्तीकरण केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। भारत में महिला स्टार्टअप संस्थापकों की संख्या 2017 में 10 प्रतिशत थी, जो 2022 में बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई।

उन्होंने कहा कि पूंजी बाजार की बढ़ती संभावनाएँ और घरेलू सूचीबद्धता के लाभ स्टार्टअप्स को भारत वापस आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति भारत को एक वैश्विक स्टार्टअप हब बनाने में मदद करेगी और यह साबित करती है कि देश का व्यापारिक माहौल अब पहले से कहीं अधिक अनुकूल हो चुका है

उन्होंने कहा कि आज का भारत अवसरों का भारत है। यह सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। यह तकनीक और नवाचार में अग्रणी है। यह महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। यह एआई में वैश्विक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। यह भारत के विश्व गुरु बनने की ओर बढ़ने का समय है। भारत पर विश्वास करें, क्योंकि भारत का भविष्य उज्जवल है।

Next Post

योगी ने किया नोएडा में माइक्रोसॉफ्ट के आईडीसी कैंपस का शिलान्यास

Sat Mar 8 , 2025
नोएडा 08 मार्च,(वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां माइक्रोसॉफ्ट के प्रस्तावित इंडिया डेवलपमेंट सेंटर (आईडीसी) कैंपस का शिलान्यास किया। कंपनी ने यहां कहा कि इससे माइक्रोसॉफ्ट और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच प्रौद्योगिकी और आर्थिक विकास के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा मिली और […]

You May Like