इंदौर: शहर के महालक्ष्मी नगर में रहने वाले 48 वर्षीय पशु चिकित्सक हरिशंकर रघुवंशी के अचानक लापता होने से बुधवार को हड़कंप मच गया. करीब 12 घंटे की तलाश के बाद देर शाम वे वड़ोदरा के पास अपनी कार में बेहोश अवस्था में मिले. परिजन उन्हें लेने के लिए गुजरात रवाना हो गए हैं.एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि रघुवंशी गुजरात के आणंद स्थित आईबी कंपनी में कार्यरत हैं और अक्सर इंदौर से गुजरात के लिए यात्रा करते रहते हैं.
मंगलवार सुबह वे घर से कंपनी की कार नम्बर जीजे 21 सीए 0643 से निकले थे, लेकिन शाम तक आणंद नहीं पहुंचे. देर रात तक कोई संपर्क नहीं होने पर परिवार ने लसूड़िया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. बेटी शोभा रघुवंशी ने बताया कि पिता की आखिरी मोबाइल लोकेशन मुंबई के आसपास की मिली थी, जिसके बाद फोन बंद हो गया.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए उनकी तलाश शुरू की. जांच में पता चला कि उनके साथ एक युवक भी देखा गया था, जिसे परिवार नहीं पहचानता. बुधवार शाम वड़ोदरा पुलिस से सूचना मिली कि रघुवंशी अपनी कार में बेहोश पाए गए हैं. फिलहाल, उनकी हालत के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. इंदौर पुलिस ने गुजरात पुलिस से सम्पर्क कर आगे की जानकारी मांगी है.
